क्रिकेट

सहवाग ने रॉस टेलर को दी भारत की नागरिकता लेने की सलाह! आधार कार्ड के लिए माना योग्य

सहवाग और टेलर के बीच ट्विटर पर जारी चुटीले संदेशोें की सीरीज अब दिलचस्प मोड़ ले चुकी है।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2017, 11:14 AM IST
viru and taylor

नई दिल्ली। दिग्गज कीवी बल्लेबाज रॉस टेलर और टीम इंडिया के ट्वीट किंग वीरेंद्र सहवाग के बीच माइक्रो ब्लॉगिग साइट ट्विटर पर छिड़ी मजेदार जंग अब दिलचस्प मोड़ ले चुकी है। ऐसा लग रहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही सीरीज के साथ-साथ इनके बीच भी ट्विटर पर टांग खिचाई की सीरीज चल रही हो। हालिया ट्वीट में मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग ने रॉस टेलर की शानदार हिंदी के लिए भारत की नागरिकता ले लेने की सलाह दी है। ट्वीट करते हुए वीरु ने लिखा कि मैं आपसे काफी प्रभावित हुं। आपकी शानदार हिंदी को देखते हुए मैं तो ये कहुंगा कि आप भारत में (UAIDI) आधार कार्ड के लिए मान्य हो।

ऐसे हुआ था दोनों के बीच मजेदार ट्वीट का आगाज
सहवाग और टेलर दोनों एक साथ लंबे समय तक क्रिकेट खेल चुके हैं। हालिया सीरीज में टेलर ने शानदार प्रदर्शन किया था। जिसके बाद सहवाग ने लिखा “बहुत अच्छा खेले रॉस टेलर” ‘दर्जी जी’। सहवाग के इस मैसेज का जवाब रॉस टेलर ने बहुत ही मजेदार अंदाज में दिया। रॉस टेलर ने हिंदी में लिखा “शुक्रिया वीरेंद्र सहवाग भाई, अगली बार अपना ऑर्डर समय पर भेज देना ताकि मैं आपको अगली दिवाली के पहले भेज दूं.. हैप्पी दिवाली”। टेलर से ऐसी बेहतरीन हिंदी लिखने की बात से सहवाग सहित सभी लोग हतप्रभ रह गए।

फिर चला चुटीले संदेशों का कारवां
टेलर की हिंदी से प्रभावित होते हुए सहवाग ने फिर चुटीले अंदाज में जवाब दिया था। सहवाग ने टेलर को लिखा “मास्टरजी, इस साल वाली पतलून ही एक बिलांग छोटी करके देना अगली दिवाली पर”। इसका जवाब देते हुए टेलर ने लिखा “क्यों आपके दर्जी ने इस दिवाली पर अच्छा काम नहीं किया”।

राजकोट टी-20 जीतने के बाद टेलर का फोटो
टेलर कीवी टीम की ओर से एकदिवसीय मैचों में तो खेले। लेकिन टी-20 में उन्हें अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है। इसके बावजूद वो टीम के साथ है। टेलर ने राजकोट में जीत हासिल करने के बाद अपने इंस्टटग्राम पर एक फोटो पोस्ट की। जिसमें वे एक दर्जी की दुकान के बाहर बैठे है। साथ ही वह दुकान बंद है। इसके साथ टेलर ने कैप्शन दिया कि 'वीरेंद्र सहवाग राजकोट में मैच के बाद दर्जी की दुकान बंद, अगली सिलाई त्रिरुअनंतपुरम में होगी, जरुर आना।'

सहवाग कहां चुप बैठने वाले
टेलर की इस तस्वीर पर सहवाग ने फिर से चुटीला जवाब दिया। सहवाग ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आपकी शानदार हिंदी को देखते हुए मैं आपको भारत की नागरिकता पाने का हकदार मानता हूं। आप यहां का आधार कार्ड ले लो।

Published on: