RSA vs IND: यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर दक्षिण अफ्रीका के सामने रखा 202 रनों का लक्ष्य। जायसवाल ने 60 और सूर्यकुमार यादव ने 100 रनों की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने दो विकेट झटके।
South Africa vs India, 3rd T20I: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुक़ाबला जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के तूफानी शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका के सामने 202 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। भारत को अगर यह सीरीज बचानी है तो इस मुक़ाबले को हर हाल मेँ जीतना होगा।
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए हैं। टीम के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शतक लगाया। सूर्य ने मात्र 56 गेंद पर 7 चौके और 8 सिक्स की मदद से 100 रन बनाए। यह सूर्यकुमार यादव का बतौर कप्तान पहला शतक है। वहीं अंतरराष्ट्रीय टी20 में चौथा शतक है। इसी के साथ वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा औऱ ग्लेन मैक्सवेल के बराबर पहुंच गए। दोनों के नाम भी चार-चार शतक हैं।
सूर्य के अलावा यशस्वी जायसवाल ने भारत को बेहतरीन शुरुआत देते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 41 गेंद पर छह चौके और तीन सिक्स की मदद से 60 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा रिंकू सिंह ने 10 गेंद पर 14 और शुभमन गिल ने 6 गेंद पर 12 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने चार ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। महाराज के अलावा लिजाद विलियम्स ने भी दो विकेट लिए। वहीं तबरेज शम्सी और नंद्रे बर्गर को एक- एक सफलता मिली।