क्रिकेट

टीम सिलेक्शन पर पूर्व खिलाड़ी ने गंभीर पर कसा तंज़, कहा – अपनी पसंद के खिलाड़ी भर लिए, कुछ को टी20 ही नहीं आता

पूर्व बल्लेबाज एस. बद्रीनाथ ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल किए जाने पर सवाल उठाया है।
2 min read
Sep 03, 2026
gautam gambhir
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर (सोर्स: आईएएनएस)

S Badrinath, Gautam Gambhir, T20I squad: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम का ऐलान कर दिया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज़ एस. बद्रीनाथ ने इस टीम सिलेक्शन पर सवाल खड़े किए हैं और हेड कोच गौतम गंभीर पर तंज कसा है।

खिलाड़ियों को नहीं मिला फिटनेस क्लियरेंस 

15 सदस्यों वाली टीम में कई बदलाव किए गए हैं और चोट से उबरने के बाद कई खिलाड़ियों की वापसी हुई है। इनमें तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा शामिल हैं। हालांकि ये खिलाड़ी अब भी चोटिल हैं और अभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस से फ़िटनेस क्लीयरेंस मिलना बाकी है।

बद्रीनाथ ने सुंदर और रेड्डी के चयन पर सवाल उठाए

कोच गंभीर की पसंद का ज़िक्र करते हुए, बद्रीनाथ ने सुंदर और रेड्डी के चयन पर सवाल उठाए। बद्रीनाथ का मानना है कि ये खिलाड़ी गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ी हैं, इन्हें टी20 खेलना नहीं आता है। अपने यूट्यूब चैनल पर बद्रीनाथ ने कहा, "पहली नजर में, कोच के पसंदीदा खिलाड़ी वापस आ गए हैं। वाशिंगटन सुंदर को भारतीय क्रिकेट में जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा है। उन्हें इसका सच में इस्तेमाल करने की जरूरत है।"

नितीश को टी20 ऑलराउंडर नहीं मानता

नितीश रेड्डी पर बद्रीनाथ ने कहा, "मैं उन्हें शीर्ष स्तर का ऑलराउंडर नहीं मानता। इसकी वजह उनकी गेंदबाजी है। मुझे लगता है कि वह एक बल्लेबाज हैं और गेंद से उतने बेहतर नहीं हैं।" टी20 टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी को बद्रीनाथ ने सकारात्मक माना। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स को देखते हुए टीम में उनकी वापसी अहम है। यह भी हो सकता है कि बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलने की इच्छा बीसीसीआई की चयन समिति और गंभीर के सामने जाहिर की हो। इसकी वजह उनका लंबे समय टी20 फॉर्मेट नहीं खेलना हो सकता है।

बुमराह ने आखिरी बार जुलाई में इंग्लैंड में वनडे सीरीज खेली थी। बाएं घुटने की चोट के कारण सीरीज के आखिरी वनडे से बाहर रहने के साथ ही वह श्रीलंका दौरे से भी बाहर रहे थे। भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज के तीनों मैच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली में खेले जाएंगे।

अफगानिस्तान तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत टीम का स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमरा, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

Updated on:
03 Sept 2026 03:18 pm
Published on:
03 Sept 2026 03:10 pm