क्रिकेट

पृथ्वी शॉ का डेब्यू शो: सचिन ने दी खास सलाह तो वीरू बोले लड़के में दम है, जानें किसने क्या कहा

पृथ्वी शॉ के एतिहासिक पर्दापण से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज गदगद है। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग सहित कई क्रिकेटरों ने उन्हें बधाई दी है।
2 min read
• •
Updated: 4 Oct 2018, 9:14 PM IST
prithvi
पृथ्वी शॉ के ऐतिहासिक पदार्पण को क्रिकेट जगत ने सराहा, सचिन ने दी खास सलाह तो वीरू बोले लड़के में दम है

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाकर इतिहास रचने वाले 18 वर्षीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के इस कारनामे को क्रिकेट जगत की मशहूर हस्तियों ने सराहा है। शॉ पदार्पण टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। मुंबई के बल्लेबाज शॉ के इस कारनामे की प्रशंसा करते हुए क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर कहा, "तुम्हारी पहली पारी में आक्रामक खेल देखना शानदार रहा। ऐसी निडर बल्लेबाजी जारी रखो।"

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी शॉ की प्रशंसा कर कहा, "यह शॉ का शो था। बधाई हो, अभी तो शुरुआत है। लड़के में बहुत दम है।"

वी.वी.एस लक्ष्मण ने ट्वीट कर कहा, "पदार्पण पर शॉ का बेहतरीन शतक। एक 18 साल के लड़के को उसका प्राकृतिक खेल खेलते देखना शानदार रहा। तुम्हारा भविष्य उज्जवल है।"

दिग्गज ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने कहा, "क्या पल था। 18 साल की उम्र में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण और शतक जड़ना। बेहतरीन पृथ्वी शॉ।"

भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहमम्द कैफ ने ट्वीट कर कहा, "यह लड़का बेहतरीन है और एक लंबी रेस का घोड़ा है, पृथ्वी शॉ। खेलते देखना शानदार रहा।"

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना का मानना है कि पृथ्वी शॉ की बल्लेबाजी शैली ने उन्हें वीरेंद्र सहवाग की याद दिला दी। शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को राजकोट में पदार्पण करते हुए शतक बनाया। वह अपने पदार्पण टेस्ट में शतक बनाने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। रैना ने समाचार एजेंसी से कहा, "पृथ्वी ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने मुझे वीरू (सहवाग) की याद दी है। पृथ्वी ने बिल्कुल निडर होकर अपना खेल खेला। उन्होंने जिस तरह के शॉट खेले वह एक क्लास को दर्शाता है।"

Updated on:
4 Oct 2018, 9:14 PM IST
Published on: