क्रिकेट

आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर सचिन तेंदुलकर ने अनोखे अंदाज़ में दी सौरव गांगुली को बधाई, ‘दादा’ ने दिया ये जवाब

सचिन ने गांगुली को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानने के बाद अब ज्यादा सरप्राइज नहीं बचे हैं। यह भी उनमें से एक नहीं था। सौरव गांगुली आपको बधाई हो। आईसीसी हॉल ऑफ फेम में आपके शामिल होने से बेहद खुश हूं।"
2 min read
Jul 09, 2026
Mustafizur Rahman row
सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली। (फोटो सोर्स: IANS)

Sourav Ganguly ICC Hall Of Fame: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उन्हें एक बड़ा तोहफा दिया है। आईसीसी ने गांगुली को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया। इस खास सम्मान के लिए सचिन तेंदुलकर ने गांगुली को बधाई दी है।

सचिन ने गांगुली को बधाई देते हुए पोस्ट शेयर किया

सौरव गांगुली भारत की ओर से आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 12वें क्रिकेटर हैं। सचिन ने गांगुली को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानने के बाद अब ज्यादा सरप्राइज नहीं बचे हैं। यह भी उनमें से एक नहीं था। सौरव गांगुली आपको बधाई हो। आईसीसी हॉल ऑफ फेम में आपके शामिल होने से बेहद खुश हूं।"

सचिन की बधाई पर सौरव गांगुली ने दिया जवाब

सचिन के एक्स पोस्ट के जवाब में भारत के पूर्व कप्तान ने आभार जताया। गांगुली ने लिखा, "धन्यवाद चैंपियन। आपके साथ एक ही लिस्ट में होना ही सबसे बड़ी कार्य संतुष्टि है।" बुधवार को सौरव गांगुली ने खुद को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने की जानकारी देते हुए जय शाह का धन्यवाद किया था।

गांगुली ने जय शाह और ICC का जताया आभार

उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "आईसीसी और अध्यक्ष जय शाह को मुझे हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए धन्यवाद। यह बहुत बड़ा सम्मान है। हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10 भारतीयों में से एक। कुछ बेहतरीन नामों के बीच होना कमाल है।" माना जा रहा है कि इंटरनेशल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) 11 जुलाई को होने वाली अपनी सालाना बैठक में गांगुली को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल करने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है।

सौरव गांगुली से पहले इन भारतीय खिलाड़ियों को मिला है सम्मान

सौरव गांगुली से पहले भारत के 11 क्रिकेटर्स को यह खास सम्मान मिल चुका है। इन 11 नामों में दो महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस लिस्ट में बिशन सिंह बेदी (2009), सुनील गावस्कर (2009), कपिल देव (2010), अनिल कुंबले (2015), राहुल द्रविड़ (2018), सचिन तेंदुलकर (2019), वीनू मांकड़ (2021), डायना एडुल्जी (2023), वीरेंद्र सहवाग (2023), नीतू डेविड (2024) और एमएस धोनी (2025) शामिल हैं।

सौरव गांगुली की गिनती भारत के सबसे दमदार कप्तानों में की जाती है। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने विदेशी सरजमीं पर जीतने का हुनर सीखा। गांगुली की कप्तानी में टीम इंडिया ने नेटवेस्ट ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि साल 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी की संयुक्त विजेता भी रही। वहीं, 2003 में हुए वनडे विश्व कप में फाइनल तक का सफर तय किया।

Updated on:
09 Jul 2026 04:14 pm
Published on:
09 Jul 2026 04:09 pm