क्रिकेट

बांग्लादेशी कप्तान ने क्यों सलमान आगा को किया रनआउट? कहा- अगर नहीं करता रनआउट तो…

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में सलमान आगा के रनआउट की घटना ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है, कोई इसे सही बता रहा है तो कोई गलत। इस बीच बांग्लादेशी कप्तान ने बताया कि आखिरी क्यों उन्होंने सलमान को रनआउट किया।
2 min read
Mar 14, 2026
Salman Agha MEhadi Miraz
सलमान आगा और मेहदी मिराज (फोटो- Bangladesh Cricket)

Salman Agha Run Out Controversy: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। यह मैच सलमान आगा के रन-आउट के तरीके को लेकर चर्चा में है। आगा को जिस तरह आउट किया गया उसे खेल की भावना के खिलाफ माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर बांग्लादेश कप्तान मेहदी हसन मिराज की जमकर आलोचना हो रही है तो दूसरी ओर सलमान आगा की भी गलती बताई जा रही है।

सलमान आगा ने कहा, "मुझे लगता है कि खेल भावना होनी चाहिए। वह मेहदी को गेंद वापस देने की कोशिश कर रहे थे। ऐसी स्थिति में इसे डेड करार दिया जा सकता था। गेंद मेरे पैड पर और फिर मेरे बैट पर लगी। इसलिए मुझे लगा कि वह अब मुझे रन-आउट नहीं कर सकते, क्योंकि बॉल पहले ही मेरे पैड और मेरे बैट पर लग चुकी थी। मैं बस उन्हें गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। मैं रन नहीं ढूंढ रहा था, लेकिन उसने पहले ही रन-आउट करने का फैसला कर लिया।"

सलमान ने नहीं बताई मिराज की गलती

आगा ने कहा, "बांग्लादेश ने जो किया है वह कानून के अंदर है। मुझे लगता है कि अगर उन्हें लगता है कि यह सही है, तो यह सही है, लेकिन मेरे नजरिए से, मैं इसे अलग तरह से करता। मैं खेल भावना के लिए जाता। हमने पहले ऐसा कुछ नहीं किया है, और भविष्य में भी ऐसा कभी नहीं करेंगे।"

आगा रन आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए थे और उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस पर उन्होंने कहा, "उस पल मैंने गुस्से में रिएक्शन दिया था। उस समय ने मुझे कुछ नजरिया दिया है। कुछ चीजों को अलग तरह से हैंडल करना चाहिए।"

घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। मेहदी हसन मिराज की गेंद को मोहम्मद रिजवान ने गेंदबाज की दिशा में खेला। गेंद पकड़ने की कोशिश में मिराज नॉन स्ट्राइक वाली क्रीज से बाहर खड़े सलमान अली आगा से लड़ गए। गेंद रुक गई थी इसलिए आगा ने सिंगल लेने का इरादा छोड़ दिया और गेंद खुद उठाकर मिराज को देने लगे। इतने में मिराज ने गेंद लेकर विकेट पर दे मारा। आगा क्रीज के बाहर थे और अपील के बाद उन्हें तीसरे अंपायर ने रन आउट करार दिया। आगा गेंद गेंदबाज को देने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें रन आउट दे दिया गया। इसलिए फैसले को खेल भावना के विपरीत माना जा रहा है।

मिराज ने इस वजह से किया रनआउट

बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने इस घटना पर कहा, "मेरा इरादा केवल गेंद को रोकने और संभावित रन को बचाने का था। वह क्रीज से बाहर थे और मैं सिर्फ गेंद की तरफ जा रहा था। अगर मैं गेंद को मिस कर देता तो वह आसानी से रन ले सकते थे, इसलिए मैंने स्टंप्स पर थ्रो करने का फैसला किया।"

Updated on:
14 Mar 2026 05:16 pm
Published on:
14 Mar 2026 05:16 pm