क्रिकेट

IND vs SL: टीम इंडिया में लौटते ही सरफराज खान ने बढ़ा दी टेंशन! टूट सकती हैं इस खिलाड़ी की उम्मीदें

Sarfaraz Khan Comeback in Team India: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट से पहले चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान की भारतीय टीम में वापसी हुई है। उनकी वापसी ने कप्तान और कोच की टेंशन बना दी है।
2 min read
Aug 10, 2026
Sarfaraz Khan Return
सरफराज खान (फोटो- IANS)

India Tour of Sri Lanka 2026: भारत और श्रीलंका के बीच शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्क्वाड में बड़ा बदलाव हुआ है। चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है। लगभग दो साल बाद टीम इंडिया में सरफराज की वापसी हो रही है। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर 2024 में अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला खेला था, जिसकी अंतिम पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा था। इस वापसी ने टीम इंडिया के कप्तान और कोच की टेंशन बढ़ा दी है। अब सवाल ये है कि प्लेइंग 11 में सरफराज खान को मौका दिया जाएगा या जो पहले से टीम के साथ है उसे?

सरफराज खान या ध्रुव जुरेल?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरफराज खान की वापसी के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में क्या बदलाव होंगे? साई सुदर्शन अगर फिट होते तो उनका प्लेइंग-11 में खेलना लगभग तय था, लेकिन उनकी चोट के बाद सरफराज खान रेस में आ गए हैं। दूसरी ओर, ध्रुव जुरेल लंबे समय से प्लेइंग-11 में जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में जुरेल की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लग सकता है, क्योंकि सरफराज खान नंबर-6 पर बल्लेबाजी के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। सरफराज तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों को भी बेहतरीन अंदाज में खेलते हैं और स्थिति के अनुसार आक्रामक शॉट खेलने में माहिर हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल (Galle) में खेला जाएगा, जहां की पिच स्पिनरों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। आंकड़ों की बात करें तो सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक 6 मैचों की 11 पारियों में 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।

दूसरी तरफ, ध्रुव जुरेल ने भी 2024 में सरफराज के साथ ही डेब्यू किया था और तब से लगातार भारतीय स्क्वाड का हिस्सा हैं। हालांकि, जुरेल ने 10 मैचों की 16 पारियों में 478 रन बनाए हैं (1 शतक, 1 अर्धशतक) और उनका औसत सरफराज से कम है। हाल ही में इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए के अनऑफिशियल टेस्ट में जुरेल ने गॉल में 141 रनों की पारी खेली थी, लेकिन वॉर्म-अप मैच की दोनों पारियों में वह फ्लॉप रहे। अब देखना दिलचस्प होगा कि गॉल टेस्ट में टीम मैनेजमेंट सरफराज खान पर भरोसा जताता है या ध्रुव जुरेल पर।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी और सरफराज खान।

Updated on:
10 Aug 2026 08:24 am
Published on:
10 Aug 2026 08:24 am