क्रिकेट

IND vs SL Test 2026: टीम इंडिया में कमबैक के बाद सरफराज खान का आया पहला रिएक्शन, शेयर की दिल की बात

India vs Sri Lanka: श्रीलंका दौरे पर साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद सरफराज खान की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई है। टीम इंडिया में चुने जाने के बाद सरफराज ने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर कर अपना रिएक्शन दिया।
2 min read
Aug 10, 2026
sarfaraz khan
सरफराज खान (फोटो- IANS)

India vs Sri Lanka Test Series 2026: श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में सरफराज खान की एंट्री हो गई है। नवंबर 2024 के बाद वह पहली बार टीम इंडिया के स्क्वाड में लौटे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद सरफराज को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और बाद में ड्रॉप कर दिया गया। अब चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किए जाने के बाद सरफराज का पहला रिएक्शन सामने आया है।

सरफराज खान का आया पहला रिएक्शन

सरफराज खान ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह टीम इंडिया की जर्सी में नजर आ रहे हैं। एक फोटो में वह विक्ट्री (V) का पोज दे रहे हैं, तो दूसरी फोटो में अपने पिता नौशाद खान के साथ काले चश्मे में खड़े हैं। उन्होंने कोई कैप्शन नहीं लिखा, बल्कि तीन इमोजी—हैंडशेक, रेड हार्ट और भारतीय तिरंगा शेयर किया है। इन इमोजी के जरिए वह वापसी पर अपनी खुशी और सिलेक्टर्स के भरोसे पर खरा उतरने का संदेश दे रहे हैं।

सरफराज ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट से अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और दोनों पारियों में अर्धशतक जड़े थे। नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में शानदार 150 रन की पारी खेली थी। हालांकि, अगली 4 पारियों में वह केवल 21 रन ही बना सके थे। अब तक खेले 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में उनके नाम 37.10 की औसत से 371 रन दर्ज हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका औसत लगभग 65 का है, जिसमें 17 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं।

15 अगस्त से पहला टेस्ट

दूसरी ओर, साई सुदर्शन 'स्ट्रेस रिएक्शन' (Stress Reaction) की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह शामिल किए गए दाएं हाथ के बल्लेबाज सरफराज खान 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व कोलंबो में भारतीय टीम से जुड़ेंगे।

Updated on:
10 Aug 2026 10:29 am
Published on:
10 Aug 2026 10:29 am