क्रिकेट

Sarfaraz Khan की टीम इंडिया में वापसी पर भावुक हुए पिता, शायरी में छलका 2 साल के इंतजार का दर्द

Sarfaraz Khan's father emotional shayari: सरफराज खान की टीम इंडिया में वापसी का 2 साल का इंतजार खत्म होने पर पिता नौशाद भावुक हो गए। उन्‍होंने शायराना अंदाज में कहा कि कड़ी मेहनत को हमेशा किस्मत का साथ मिलता है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
2 min read
Aug 10, 2026
Sarfaraz Khan's father emotional shayari, Sri Lanka vs India,
सरफराज खान अपने पिता नौशाद खान के साथ। (फोटो सोर्स: वीडियो स्‍क्रीन शॉट)

Sarfaraz Khan's father emotional shayari: सरफराज खान की आखिरकार भारतीय टीम में लंबे समय बाद वापसी हो गई है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्‍ट सीरीज के लिए सरफराज को इंडिया की टेस्ट टीम में शामिल किए जाने के कुछ घंटों बाद ही उनके पिता नौशाद खान शायराना अंदाज में नजर आए। उनका एक शायरी पढ़ते हुए भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह देखते हुए कि मुंबई के इस बल्‍लेबाज राष्‍ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए काफी कुछ सहा है। ऐसे में उनके पिता नौशाद के शब्‍द आम बधाई संदेश से कहीं अधिक मायने रखते हैं।

'सूरज भले ही निकला है कई रातों के बाद, लेकिन…'

नौशाद खान वायरल हो रहे एक वीडियो में शायराना अंदाज में कह रहे हैं कि सूरज भले ही निकला है कई रातों के बाद, लेकिन मेहनत को मिलता है हमेशा किस्मत का साथ। उनके इन शब्दों का सीधा अर्थ है कि सूरज को उगने में भले ही कई रातें लगी हों, लेकिन कड़ी मेहनत को हमेशा किस्मत का साथ मिलता ही है। ज्ञात हो कि सरफराज ने राष्‍ट्रीय टीम में फिर से जगह बनाने के लिए लंबा इंतजार किया है।

नवंबर 2024 के बाद हुई सरफराज खान की टेस्ट क्रिकेट में वापसी

सरफराज को साई सुदर्शन की जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया है। पैर के अंगूठे में चोट के कारण सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिसका पहला टेस्ट 15 अगस्त से शुरू होगा। 28 वर्षीय सरफराज ने अभी तक भारत के लिए छह टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.10 के औसत से 371 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक और एक शतक शामिल है। ये शतक उन्‍होंने अपनी आखिरी सीरीज में ही न्‍यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था।

सरफराज का सर्वश्रेष्‍ठ टेस्‍ट स्कोर 150 रन

सरफराज का सर्वश्रेष्‍ट टेस्‍ट स्‍कोर 150 रन है, जो उन्‍होंने 2024 में बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था। उस सीरीज में भारत की हार के बाद सरफराज को मौका नहीं दिया गया। हालांकि उसके बाद वह कुछ समय तक भारतीय टीम सेट अप में रहे, लेकिन प्लेइंग इलेवन में वापसी नहीं कर सके और आखिरकार टीम से बाहर हो गए।