क्रिकेट

IPL 2024 Qualifier 1 में KKR की जीत के साथ फाइनल में पहुंचने पर शाहरुख खान, सुहाना और गंभीर ने मनाया जमकर जश्न, देखें

IPL 2024 Qualifier 1 में SRH के खिलाफ KKR की धमाकेदार जीत के बाद गौतम गंभीर ने जहां आक्रामक तरीके से जश्न मनाया तो वहीं केकेआर के सहमालिक शाहरुख खान ने बेटी सुहाना के साथ जोशीले अंदाज में जश्‍न मनाया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

2 min read

IPL 2024 Qualifier 1 KKR vs SRH: आईपीएल के पहले क्‍वालीफायर में केकेआर ने एसआरएच के खिलाफ धमाकेदार जीत हासिल की है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए केकेआर के सामने 160 रन का लक्ष्‍य रखा। जिसे केकेआर ने महज 13.4 ओवर में हासिल करते हुए फाइनल का टिकट कटाया। मैच के हीरो मिचेल स्‍टार्क रहे, जिन्‍होंने एसआरएच के तीन प्रमुख बल्‍लेबाजों को पावरप्‍ले में पवेलियन भेजते हुए हैदराबाद की शुरुआत में ही कमर तोड़ दी। KKR की धमाकेदार जीत के बाद गौतम गंभीर ने आक्रामक तरीके से जश्न मनाया तो वहीं, टीम के सहमालिक शाहरुख खान ने बेटी सुहाना के साथ जमकर जश्‍न मनाया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

मिचेल स्‍टार्क शुरुआत में ही SRH को बैकफुट पर धकेला

IPL 2024 की शुरुआत से ही घटिया प्रदर्शन के चलते आलोचकों का सामना कर रहे आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी मिचेल स्‍टार्क ने एक बार फिर बड़े मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर ये साबित कर दिया कि वे खास क्‍यों हैं? उन्होंने शुरुआती दौर में ही खतरनाक गेंदबाजी करते हुए शीर्ष तीन विकेट चटकाकर सनराइजर्स हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड (0) को मैच की दूसरी ही गेंद पर अपना शिकार बनाया इसके बाद नीतीश रेड्डी (9) और शाहबाज़ अहमद (0) को आउट किया। वहीं, वैभव अरोड़ा ने अभिषेक शर्मा (3) को पवेलियन भेजा।

केकेआर ने आसानी हासिल की धमाकेदार जीत

एसआरएच के पावरप्ले के अंदर महज 39 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद राहुल त्रिपाठी ने 35 में 55 रन की शानदार पारी खेली तो वहीं हेनरिक क्‍लासेन ने 32 रन बनाए। इसके बाद कप्‍तान पैट कमिंस ने 30 रन की पारी खेलते हुए एसआरएच के स्‍कोर को 159 तक पहुंचाया। इसके जवाब में बल्‍लेबाजी करने उतरी केकेआर ने महज 13.4 ओवर में दो विकेट गंवाते हुए लक्ष्‍य को आसानी से हासिल कर लिया और फाइनल का टिकट कटाया।

शाहरुख खान, सुहाना और गंभीर ने मनाया जमकर जश्न

केकेआर की धमाकेदार जीत के बाद गौतम गंभीर ने सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ डगआउट में आक्रामक तरीके से जश्‍न मनाया। वहीं, केकेआर के सहमालिक शाहरुख खान ने बेटी सुहाना और बेटे अबराम के साथ दर्शक दीर्घा में जश्‍न मनाया फिर ग्राउंड पर आकर टीम के सदस्‍यों को फाइनल में पहुंचने की बधाई दी।

Published on:
22 May 2024 08:14 am
Also Read
View All

अगली खबर