क्रिकेट

रवि शास्त्री को होली न खेलने की मिली सजा, भारत-पाक खिलाड़ियों ने मिलकर फेंका स्विमिंग पूल में

Javed Miandad ने बताया कि उनके समय में भारत और पाकिस्तान के क्रिकेटरों में आपसी तालमेल काफी अच्छा था। सीरीज के दौरान वह साथ ही समय बिताते थे।
2 min read
• •
Updated: 15 Apr 2020, 4:11 PM IST
Ravi Shastri
Ravi Shastri

नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मध्यक्रम के बल्लेबाज जावेद मियांदाद (Javed Miandad) ने बुधवार को यह खुलासा किया कि उनके समय में टीम इंडिया और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी जमकर मस्ती करते थे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों में आपसी तालमेल अच्छा था। इस मौके पर मियांदाद ने भारत दौरे का एक मजेदार किस्सा भी बयान किया। उन्होंने बताया कि होली के सीजन में पाकिस्तान की क्रिकेट टीम भारत दौरे पर थी। वे बेंगलूरु के एक होटल में रुके थे। वहीं दोनों टीमों ने मिलकर जमकर होली खेली। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) होली खेलने से बच रहे थे। इसलिए भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने मिलकर उन्हें स्विमिंग पूल में फेंक दिया था। जावेद मियांदाद ने ये सारी बातें यू-ट्यूब वीडियो पर बातचीत के दौरान बताया।

दोनों टीमों ने जमकर खेली होली

मियांदाद ने बताया कि बेंगलूरु में टेस्ट खेला जा रहा था। दोनों टीमें एक ही होटल में रुकी थीं। उस वक्त दोनों टीमें शाम का वक्त एक साथ ही बिताती थी। यह होली सीजन के आस-पास की बात है। लोग होटल में होली खेलना शुरू कर चुके थे। उन्हें ठीक से याद है कि होली खेलने के लिए हम सब इमरान खान के कमरे में घुसे और सब एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे। मियांदाद ने कहा कि हमने भारतीय क्रिकेटरों को भी नहीं छोड़ा। उन्हें भी इससे कोई परेशानी नहीं थी।

जमकर उठाया लुत्फ

जावेद मियांदाद ने बताया कि रवि शास्त्री होली खेलने से बचने की कोशिश कर रहे थे। वह अपने होटल के कमरे में छिप रहे थे। इसके बाद हम सब उनके कमरे में घुसे और उन्हें उठाकर स्विमिंग पूल में फेंक दिया था। हम सबने मिल कर इसका जमकर लुत्फ उठाया था।

सबसे अच्छा भारत दौरा

जावेद मियांदाद ने कहा कि उनकी याद में पाकिस्तान का यह सबसे अच्छा भारतीय दौरा था। उन्होंने कहा कि हमें एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उनकी नजर में इसमें कोई बुराई नहीं है। इस दौरे पर उन्हें हर जगह से होली का न्योता दिया गया था और हमने साथ में होली खेली थी।

Updated on:
15 Apr 2020, 4:11 PM IST
Published on:
Also Read
View All