
नई दिल्ली : पूर्व वित्त मंत्री और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दिल्ली ( DDCA ) के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे भाजपा नेता अरुण जेटली ( Arun Jaitley) का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन से जहां देश भर में शोक का माहौल है तो वहीं दिल्ली के क्रिकेटर भी गमगीन हैं। वह काफी दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन पर टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले ओपनर बल्लेबाज बल्लेबाज शिखर धवन ( Shikhar Dhawan ) ने शोक जताया है।
ट्वीट कर जताई संवेदना
शिखर धवन ने अरुण जेटली के निधन पर शोक जताते हुए अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है- रिप! अरुण जेटली जी। आपके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। बता दें कि तबीयत खराब होने पर अरुण जेटली को 9 अगस्त को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
धवन को जेटली के कार्यकाल में मिला था मौका
अरुण जेटली तकरीबन 13 साल तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे हैं। डीडीसीए, बीसीसीआई और आईपीएल से जुड़े रहे हैं। इस कारण कई क्रिकेटरों से उनके करीबी रिश्ते थे। उन्हीं में से शिखर धवन भी एक थे। धवन को दिल्ली की ओर से पहली बार टीम में खेलने का मौका अरुण जेटली के अध्यक्षीय कार्यकाल में ही मिला था और उनके अध्यक्ष रहते ही शिखर धवन को टीम इंडिया में भी खेलने का पहली बार मौका मिला था।