
Shree Charani on World No.1 Ranking: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज बनने वाली भारत की युवा स्पिनर श्री चरणी ने साफ कहा है कि इस समय उनकी प्राथमिकता रैंकिंग नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप जीतना है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश (BAN) के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ टीम के प्रदर्शन पर है।
21 साल की श्री चरणी ने बांग्लादेश के खिलाफ अपना 11वां विकेट लेकर एक बड़ा रिकॉर्ड भी बनाया। वह विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट (12 विकेट) लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने पूनम यादव का 2020 में बनाया गया 10 विकेट का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। मैच के बाद श्री चरणी ने कहा कि अभी वह नंबर-1 गेंदबाज बनने या किसी व्यक्तिगत रैंकिंग के बारे में नहीं सोच रही हैं। उनके लिए सबसे जरूरी वर्ल्ड कप है। उन्होंने कहा कि अगर वह अपनी गेंदबाजी पर ध्यान देंगी, टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगी और भारत को वर्ल्ड कप जिताने में मदद करेंगी, तो बाकी उपलब्धियां अपने आप मिल जाएंगी।
बांग्लादेश के खिलाफ अपनी गेंदबाजी पर उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ वही किया, जिसकी तैयारी की थी। सही लाइन, लेंथ और अपनी विविधता पर भरोसा रखा। पिच से भी मदद मिल रही थी, इसलिए उन्होंने अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी की और विकेट मिलते गए। श्री चरणी ने यह भी कहा कि उनकी गेंद पर तीन कैच छूटे, लेकिन इससे उनके आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि कैच छूटना खेल का हिस्सा है। गेंद हाथ से निकलने के बाद क्या होगा, उस पर किसी गेंदबाज का नियंत्रण नहीं होता। इसलिए उन्होंने अपना फोकस नहीं बदला।
भारत ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीद मजबूत कर ली है। अब टीम का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। श्री चरणी ने कहा कि यह अहम मैच जरूर है, लेकिन टीम इसे किसी अलग तरीके से नहीं देख रही। भारत एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहा है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी यही सोच रहेगी।