क्रिकेट

आयरलैंड में शर्मनाक हार के 2 दिन बाद Shreyas Iyer ने तोड़ी चुप्पी, कहा- Belfast का मैदान कोई स्टेडियम नहीं था

Shreyas Iyer on Belfast Ground: भारत-इंग्लैंड पहले टी20 से पहले श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड दौरे में मिली दोनों हार की बड़ी वजह बताई। उन्होंने बेलफास्ट के मैदान सवाल उठाते हुए बताया कि क्यों भारतीय टीम को दिक्कत हुई।
2 min read
Jul 01, 2026
Sanjay Manjrekar on Team India
श्रेयस अय्यर और गौतम गंभीर (फोटो- IANS)

Eng vs Ind T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 10:00 बजे से शुरू होगा, जो इंग्लैंड के चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर थी, जहां बेलफास्ट में दो टी20 मुकाबले खेले गए थे और उन्हें दोनों में हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड सीरीज से पहले श्रेयस ने आयरलैंड में मिली हार की सबसे बड़ी वजह बताई। उन्होंने मैदान को लेकर सवाल उठाया और बताया कि वहां का मैदान सामान्य स्टेडियमों से काफी अलग था।

बेलफास्ट पर श्रेयस ने उठाए सवाल

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने से पहले श्रेयस ने कहा, "चेस्टर-ले-स्ट्रीट का सेटअप ज्यादा जाना-पहचाना लग रहा है। मुझे लगता है कि यह बिल्कुल अलग है, क्योंकि बेलफास्ट का मैदान सामान्य स्टेडियम जैसा था ही नहीं। आउटफील्ड भी एकदम अलग थी और मैदान का आकार भी थोड़ा चौकोर था। इसलिए सिंगल और डबल रोकना, खासकर जब आप आउटफील्ड में फील्डिंग कर रहे हों, काफी मुश्किल हो रहा था। एक कप्तान के तौर पर फील्ड सेट करना भी अजीब लगा, क्योंकि हमें इसकी आदत नहीं है।"

आपको बता दें कि आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में भारतीय टीम को 34 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया रोमांचक मैच में 1 रन से हार गई थी। दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम 150 के आसपास का ही स्कोर बना पाई।

दो मैचों में 301 रन बनाने वाली भारतीय टीम के बल्लेबाज कुछ दिन पहले ही आईपीएल में अपनी-अपनी टीमों के लिए 200 से ज्यादा रन का स्कोर आसानी से पार कर रहे थे, लेकिन बेलफास्ट पहुंचते ही उनके बल्लों पर विराम लग गया। टॉप-3 बल्लेबाजों का तो इतना बुरा हाल रहा कि दोनों मैचों में वे तीनों मिलकर सिर्फ 67 रन ही बना सके। यही वजह रही कि भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।

क्यों बेलफास्ट में खेली टीम इंडिया

आपको बता दें कि बेलफास्ट में भारतीय टीम पहली बार कोई मुकाबला खेल रही थी। इससे पहले जब भी भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर जाती थी, तो मुकाबले डबलिन में खेले जाते थे। लेकिन बेलफास्ट, जो नॉर्दर्न आयरलैंड में स्थित है, वहां इस बार मैदान रोटेशन पॉलिसी के तहत भारतीय टीम को खेलना पड़ा, जिसका आयरलैंड ने भरपूर फायदा उठाया।

Updated on:
01 Jul 2026 07:45 am
Published on:
01 Jul 2026 07:45 am