Sri Lanka vs England Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के सुपर 8 के दूसरे मुकाबले में पहला नतीजा सामने आया, जहां इंग्लैंड ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया।
SL vs ENG Super 8, T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रन से हरा दिया। यह मुकाबला पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 146 रन बनाए। फिल साल्ट इस मुकाबले में इकलौते बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक जड़ा। 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 17वें ओवर में ही 95 रन पर ढेर हो गई। इस दौरान इंग्लैंड के पार्ट-टाइम स्पिनर विल जैक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए।
मुकाबले की शुरुआत में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जोस बटलर सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जैकब बेथल और टॉम बेंटन भी कुछ खास नहीं कर सके। सैम करन ने 11 गेंदों में 11 रन बनाए, लेकिन फिल साल्ट ने एक छोर संभाले रखा और अर्धशतक जड़ दिया। 94 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, लेकिन इसके बाद फिल साल्ट के 62 रन और विल जैक्स के 21 रनों की बदौलत इंग्लैंड की टीम 146 रन तक पहुंचने में सफल रही। साल्ट ने 40 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे।
श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेलालागे ने तीन विकेट चटकाए, जबकि मधुशंका और महेश तीक्ष्णा को दो-दो सफलता मिली। दुश्मंता चमीरा ने भी एक विकेट हासिल किया।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती चार बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। पवन रत्नायके तो खाता भी नहीं खोल सके और पहली ही गेंद पर आउट हो गए। दोनों सलामी बल्लेबाजों को जोफ्रा आर्चर ने पवेलियन भेजा। इसके बाद विल जैक्स ने मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त कर श्रीलंका की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
34 रन के स्कोर पर श्रीलंका ने अपने पांच विकेट गंवा दिए थे और यहीं से उनकी हार लगभग तय हो गई थी। इसके बाद आदिल राशिद, लियम डॉसन और जेमी ओवर्टन ने आखिरी 5 विकेट चटकाकर इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी।