क्रिकेट

IND vs SL: भारत 462 के स्कोर पर ऑलआउट, श्रीलंका को पहले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने दिया पहला झटका

IND vs SL 1st Test Day 3: गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्‍ट में भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए हैं। इसके जवाब में बल्‍लेबाजी करने उतरी श्रीलंका को पहले ही ओवर में मोहम्‍मद सिराज ने पहला झटका 0 के स्‍कोर पर दे दिया है।
2 min read
Aug 17, 2026
IND vs SL 1st Test Day 3, Mohammed Siraj, Nishan Fernando,
निशान फर्नांडो को आउट करने का जश्‍न मनाते मोहम्‍मद सिराज। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

IND vs SL 1st Test Day 3: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत की पहली पारी तीसरे दिन की शुरुआत में 462 रनों पर समाप्‍त हुई है। इसके जवाब में श्रीलंका को पहला झटका मोहम्‍मद सिराज ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर निशान फर्नांडो को पहली स्लिप में देवदत्‍त पडिक्‍कल के हाथों कैच कराकर दिया, जो कि दो गेंद खेलकर शून्‍य के स्‍कोर पर पवेलियन लौट गए। इससे पहले 460 के स्‍कोर से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम आज सोमवार को अपने खाते में दो रन जोड़कर ऑलआउट हो गई।

महज दो रन जोड़कर 462 के स्‍कोर पर सिमटी भारतीय टीम

गॉल टेस्ट में 460/9 के स्‍कोर से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम को तीसरे दिन के पहले ही ओवर में असिथा फर्नांडो ने प्रसिद्ध कृष्णा को 2 रनों के स्कोर पर आउट कर दिया। इस तरह टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 462 के स्‍कोर पर ऑलआउट हो गई।

श्रीलंका की बेहद खराब शुरुआत

श्रीलंका की पहली पारी की शुरुआत बहुत ही खराब रही। उसका खाता भी नहीं खुला था कि मोहम्‍मद सिराज ने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर निशान फर्नांडो को पहली स्लिप में शून्‍य के स्‍कोर देवदत्‍त पडिक्‍कल के हाथों कैच आउट करवा दिया। इसके बाद मानव सुथार ने श्रीलंकाई टीम को 27 के स्‍कोर पर दूसरा झटका दिनेश चंडीमल को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर दिया। दिनेश 16 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ चार रन ही बना सके।

एक नजर में भारत की पहली पारी

भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़े, जबकि पंत संग मिलकर उन्होंने 71 रन जोड़े।

वहीं, केएल राहुल ने 175 गेंदों में 82 रन बनाए। राहुल ने अपनी इस पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। ध्रुव जुरेल ने भी बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और उन्होंने 68 गेंदों में 51 रन बनाए। हालांकि, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे। पंत 62 गेंदों का सामना करने के बाद 39 रन बनाकर आउट हुए जबकि यशस्वी ने 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाए।

कप्तान शुभमन गिल ने 16 रन बनाए तो रवींद्र जडेजा ने 13 रनों का योगदान दिया। मानव सुथार ने 43 गेंदों में 24 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने 11 रन बनाए जबकि कुलदीप यादव ने 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

Also Read
View All