क्रिकेट

SLC XI vs IND: आखिरी ओवर में मोहम्मद सिराज ने लगाए बैक-टू-बैक छक्‍के, भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से रौंदा

SLC XI vs IND Warm-up Match: यशस्‍वी जायसवाल और शुभमन गिल की शतकीय साझेदारी के चलते भारतीय टीम ने वार्म-अप मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज की है। अंत में मैच श्रीलंका की मुट्ठी में था, लेकिन आखिरी ओवर में मोहम्‍मद सिराज ने लगातार तीन छक्‍के लगाकर भारत को जीत दिलाई।
2 min read
Aug 09, 2026
SLC XI vs IND Warm-up Match, Yashasvi Jaiswal and Shubman Gill,
भारतीय बल्‍लेबाज शुभमन गिल और यशस्‍वी जायसवाल। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI

SLC XI vs IND Warm-up Match Highlights: श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मैच भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत लिया है। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्‍कोर पर घोषित की थी। इसके जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी 357/6 के स्‍कोर पर घोषित की। फिर श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 200/6 के स्‍कोर पर घोषित करते हुए पहली पारी में मिली 6 रन की बढ़त के साथ भारतीय टीम के सामने 207 रनों का टारगेट रखा। जब श्रीलंका ने पारी की घोषणा की, तब तीसरे और अंतिम दिन 45 ओवर बाकी थे। कप्‍तान शुभमन गिल और यशस्‍वी जायसवाल के बीच 105 रन की साझेदारी हुई, तो लगा कि टीम इंडिया आसानी से जीत दर्ज कर लेगी। लेकिन, इसके बाद श्रीलंकाई स्पिनरों की नियंत्रित गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्‍लेबाजों की एक न चली। अंत में मोहम्‍मद सिराज क्रीज पर उतरे और आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्‍के लगाकर भारत की जीत सुनिश्चित की।

यशस्‍वी जायसवाल ने जड़ा अर्धशतक, शुभमन गिल चूके

45 ओवर में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के 207 रनों के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए यशस्‍वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच 20.1 ओवर में 105 रनों की साझेदारी हुई। शुभमन गिल ने 44 रन बनाए और वह अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद यशस्‍वी जायसवाल भी 61 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए।

यहां से भारत आसान जीत की ओर बढ़ रहा था, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने और जडेजा व मानव सुथार के रिटायर्ड होने के बाद मैच श्रीलंका की मुट्ठी में आ गया। अंत में सारांश जैन का साथ देने मोहम्‍मद सिराज क्रीज पर उतरे। उन्‍होंने महज 15 गेंदों पर एक चौके और चार छक्‍कों की मदद से नाबाद 32 रन बनाते हुए भारत को जीत दिलाई।

दूसरी पारी में श्रीलंका की खराब शुरुआत

दूसरी पारी में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले रविंदु रसंथा को सिराज ने सिर्फ 8 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। वहीं, पसिंदु को प्रसिद्ध ने 4 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। पवन रत्नायके भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 16 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले निशान मदुष्‍का ने एक बार फिर 73 गेंदों का सामना करते हुए 63 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, अंजला बंदारा ने 48 गेंदों पर 35 रन बनाए और निपुण धनंजय 46 रनों का योगदान दिया। इस तरह श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 200/6 के स्‍कोर पर घोषित करते हुए भारत के सामने 207 रनों का लक्ष्‍य रखा।

देवदत्‍त पडिक्‍कल ने खेली 142 रनों की पारी

इससे पहले, श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने पहली पारी में 363 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 6 विकेट खोकर 357 रन बनाने के बाद घोषित की। टीम की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। पडिक्कल ने 142 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, रवींद्र जडेजा ने 63 और मानव सुथार ने 31 रनों का योगदान दिया।

Updated on:
09 Aug 2026 06:20 pm
Published on:
09 Aug 2026 05:50 pm