क्रिकेट

Asia Cup 2026: 124 रनों की शतकीय पारी खेल मंधाना ने रचा इतिहास, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

मंधाना 124 रन की पारी खेल रन आउट हुईं। भारती फुलमली दो रन और दीप्ति शर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहीं। हॉन्गकॉन्ग की ओर से मरिना ने दो विकेट लिए। वहीं, रुचिता और जॉयलीन को एक-एक विकेट मिला।
2 min read
Sep 03, 2026
Smriti Mandhana
स्मृति मंधाना, भारतीय महिला क्रिकेटर (Photo Credit - IANS)

Smriti Mandhana, India Women vs Hong Kong, China Women, Women's Asia Cup 2026: सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की शतकीय पारी के दम पर भारत ने हांगकांग, चीन के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 के सातवें मैच में 193/5 का स्कोर खड़ा किया। इस शतकीय पारी के साथ मंधाना ने कई रिकॉर्ड्स भी तोड़े।

भारत की तेज शुरुआत

गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर गेंदबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ 8 ओवरों में 74 रन जोड़े। शेफाली 17 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मंधाना ने मोर्चा संभाला।

मंधाना ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। रावल सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिसके बाद मंधाना ने ऋचा घोष के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 गेंदों में 40 रन जोड़ते हुए टीम को 150 के पार पहुंचा दिया।

ऋचा ने 13 गेंदों में 11 रन की पारी खेली, जिसके बाद मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 15 गेंदों में 34 रन जुटाकर टीम को 185 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कप्तान कौर ने 9 गेंदों में 1 चौके के साथ 10 रन की पारी खेली।

स्मृति मंधाना का शतक

मंधाना ने 64 गेंदों में 7 छक्कों और 14 चौकों के साथ 124 रन बनाए, जो विमेंस टी20 एशिया कप में किसी खिलाड़ी का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा। इसी के साथ मंधाना ने श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2024 में मलेशिया के खिलाफ 119 रन की नाबाद पारी खेली थी। मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी शीर्ष पर पहुंच गई हैं, जिन्होंने अब 10,880 रन बना लिए हैं। इस मामले में मंधाना ने मिताली राज (10,868) को पीछे छोड़ दिया है।

यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मंधाना का 18वां शतक रहा, जिसके साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने मैग लेनिंग और लॉरा वोल्वार्ड्ट को पछाड़ दिया, जिनके नाम 17-17 शतक दर्ज हैं। यह मंधाना का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा शतक भी था। मंधाना ऐसा करने वाली पहली भारतीय हैं।

Updated on:
03 Sept 2026 10:05 pm
Published on:
03 Sept 2026 10:05 pm