क्रिकेट

स्मृति मंधाना के हाथ से निकला वर्ल्ड रिकॉर्ड, Women’s Asia Cup 2026 के फाइनल में है इतिहास बदलने का मौका

Women's Asia Cup 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर भारतीय टीम फाइनल में पहुंच गई है। स्मृति मंधाना इस मुकाबले में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं, लेकिन फाइनल में 67 रन बनाते ही वह वूमेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
2 min read
Sep 11, 2026
Smriti Mandhana
स्मृति मंधाना, भारतीय महिला क्रिकेटर (Photo Credit - IANS)

Most T20 Runs in Women's Cricket: वूमेंस एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 40 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। यह लगातार दसवां मौका है, जब भारतीय टीम फाइनल में पहुंची है। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं। वह वूमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। अगर इस मुकाबले में वह 69 रन बना लेतीं, तो वह दुनिया की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जातीं। हालांकि, स्मृति सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गईं।

वर्ल्ड रिकॉर्ड से चूकीं मंधाना

हालांकि, स्मृति मंधाना के पास इस टूर्नामेंट में एक और मौका मिलेगा। अगर वह फाइनल में 67 रन की पारी खेल लेती हैं, तो वह वूमेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम 4,758 रन हैं। इस लिस्ट में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर 4,249 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं, तो वहीं स्मृति मंधाना ने अब तक 175 टी20 मुकाबलों में 30 की औसत से 4,692 रन बनाए हैं।

इस दौरान उन्होंने दो शतकीय पारियां खेली हैं और 35 अर्धशतक भी लगाए हैं। मंधाना के बल्ले से अब तक 634 चौके और 95 छक्के भी निकले हैं। अब तक वूमेंस टी20 क्रिकेट में दुनिया की चार ही बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 4000 के आंकड़े को पार किया है। इसमें चौथी बल्लेबाज चमारी अथापत्थु हैं। श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापत्थु के नाम 4095 रन हैं।

वूमेंस एशिया कप में भारत का दबदबा

भारतीय टीम ने वूमेंस एशिया कप के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां उसका 13 सितंबर को पाकिस्तान या श्रीलंका से सामना होगा। भारतीय टीम ने वूमेंस एशिया कप के खिताबी मुकाबले में दो बार पाकिस्तान को हराया है, जबकि पांच बार श्रीलंका को मात दी है। पाकिस्तान की टीम सिर्फ दो ही बार फाइनल खेल पाई है और दोनों बार उसे भारतीय टीम से हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, श्रीलंका की टीम ने छह बार फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है, जिसमें एक बार उसे जीत मिली है, जबकि पांच बार उसे भारतीय टीम ने ही हराया है।

Published on:
11 Sept 2026 09:20 am