
Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अहम खिलाड़ी हैं। वह महिला टी-20 एशिया कप में व्यस्त हैं। वह 13 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल खेलने वाली हैं। भारतीय क्रिकेट प्रशंसक उनसे बड़ी पारी की उम्मीद लगाए हुए हैं, लेकिन मुकाबले से पहले उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने बारे में बात करती हुई नजर आ रही हैं।
दरअसल, स्मृति मंधाना हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट में नजर आईं, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी और क्रिकेट से जुड़े कई पहलुओं पर बात की। हालांकि, पॉडकास्ट में जब स्मृति मंधाना से पूछा गया कि उनके जीवन की सबसे दर्दभरी रात कौन-सी रही, तो मैदान पर हमेशा शांत नजर आने वाली स्मृति कुछ सेकेंड के लिए रुकीं। उन्होंने अपनी भावनाओं को संभाला और कहा, 'शायद कुछ विश्व कप।' हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किस विश्व कप की बात कर रही थीं। इसके बाद उन्होंने कोविड-19 के दौर का भी जिक्र किया।
पलाश मुच्छल के साथ शादी टूटने के सवालों पर स्मृति मंधाना ने सार्वजनिक तौर पर कभी कुछ नहीं कहा है। राज शमानी के पॉडकास्ट में भी उन्होंने इस मुद्दे से दूरी बनाए रखी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह सिर्फ क्रिकेट के बारे में ही बात करेंगी।
स्मृति मंधाना ने अपने स्वभाव के बारे में बात करते हुए बेबाकी से स्वीकार किया कि लोग उन्हें शांत और सरल समझते हैं, लेकिन उनके अंदर काफी गुस्सा है। हालांकि, वह इसका इजहार करके किसी से बदला लेने में विश्वास नहीं करतीं। मंधाना ने यह भी कहा कि वह आसानी से लोगों से घुल-मिल नहीं पातीं। उन्होंने अपने व्यक्तित्व के बारे में कहा कि जब तक वह किसी के रास्ते में नहीं आतीं, तब तक सामने वाला भी उनके रास्ते में न आए। उन्होंने कहा कि वह बदला तो नहीं लेंगी, लेकिन भूलेंगी भी नहीं और किसी का बुरा भी नहीं करेंगी। जब उनसे आसानी से माफ कर देने के बारे में पूछा गया तो स्मृति मंधाना ने साफ कहा, 'मैं माफ तो कर सकती हूं, लेकिन भूलती नहीं हूं।'
गौरतलब है कि स्टार भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना की पलाश मुच्छल से शादी होने वाली थी, लेकिन बाद में खबर आई कि शादी रद्द हो गई है। उस दौरान बताया गया था कि पिता की तबीयत की वजह से शादी टली है। हालांकि, बाद में स्मृति मंधाना ने स्पष्ट किया था कि शादी टूट गई है। फिलहाल, इसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है।