IPL 2023 : दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के क्रिकेट डायरेक्टर सौरव गांगुली ने बताया है कि ऋषभ पंत आईपीएल 2023 में नहीं खेल सकेंगे। उन्‍होंने कहा कि ऋषभ पंत के स्वस्थ होने में लंबा समय लगने वाला है। उन्होंने यह भी कि कि पंत की चोट से दिल्ली कैपिटल्स टीम पर फर्क पड़ेगा।
ipl 2023 : भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इस बार आईपीएल 2023 में नजर नहीं आएंगे। बताया जा रहा है कि कार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ऋषभ पंत की प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी में लंबा समय लगेगा। इसलिए ऋषभ पंत इस साल आईपीएल भी नहीं खेल सकेंगे। इसकी पुष्टि बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सौरव गांगुली ने खुद की है। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत को ठीक होने में अभी समय लगेगा। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में गांगुली ने कहा कि निश्चित रूप से पंत की चोट से दिल्ली कैपिटल्स पर फर्क पड़ेगा।
बता दें कि 30 दिसंबर की सुबह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ऋषभ पंत की कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे में ऋषभ पंत को काफी चोट आई थी और उनकी कार जलकर राख हो गई थी। गनीमत रही कि उन्हें समय रहते एक बस चालक और कंडक्टर ने कार से बाहर निकाल लिया था।
घुटने की सर्जरी हुई
इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मैक्स में कई दिनों तक इलाज के बाद आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई ने पंत को एयरलिफ्ट कराकर मुंबई के बड़े हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उनके घुटने की सर्जरी हुई है।
यह भी पढ़े - पृथ्वी शॉ ने 379 रनों की पारी खेल रचा इतिहास, चयनकर्ताओं को दिया मुंहतोड़ जवाब
ऋषभ पंत आईपीएल के पिछले दो सीजन से दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाल रहे हैं। इस बार भी पंत दिल्ली के कप्तान की भूमिका में नजर आने वाले थे, लेकिन अब ये संभव नहीं है। बता दें कि आईपीएल 2023 मार्च के अंत में या फिर अप्रैल की शुरुआत में शुरू होना है। दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट प्रमुख सौरव गांगुली ने कहा है कि ऋषभ पंत आईपीएल के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
यह भी पढ़े - सूर्यकुमार ने तोड़ दिए सभी रिकॉर्ड, आईसीसी रैंकिंग में ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय बने