क्रिकेट

Sourav Ganguly की दो टूक, Covid-19 को लेकर हम किसी भी तरह से तैयार नहीं थे, लग रहा है डर

Sourav Ganguly ने कहा कि Covid-19 से लड़ाई किसी बेहद खतरनाक विकेट पर टेस्ट मैच खेलने जैसा है और इसे हमें जीतना है।
2 min read
• •
Updated: 3 May 2020, 5:00 PM IST
Sourav Ganguly
Sourav Ganguly

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) कोविड-19 (Covid-19) महामारी के लगातार फैलते जाने से और इसमें किसी तरह की कोई कमी नहीं आने से बेहद चिंतित हैं। उन्होंने इसकी तुलना किसी खतरनाक विकेट पर टेस्ट मैच खेलने से करते हुए कहा कि अब तक हम यह समझने की ही कोशिश में हैं कि कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी को किस तरह रोका जाए। हम इसके लिए तैयार नहीं थे। बता दें कि इसी महामारी के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगिताएं स्थगित हैं। बीसीसीआई ने भी अनिश्चित काल के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को स्थगित कर रखा है।

गांगुली ने कहा, मिलकर जीत लेंगे

सौरव गांगुली ने एक कार्यक्रम में मौजूदा हालात की तुलना खतरनाक विकेट पर टेस्ट मैच खेलने से करते हुए कहा कि यह हालात किसी बहुत ही खतरनाक विकेट पर टेस्ट मैच खेलने जैसा है। गेंद काफी तेज आ रही है, वहीं साथ में घूम भी रही है। बल्लेबाजों के पास बचने का मौका कम से कम है। इस विकेट पर बल्लेबाजों को रन भी बनाना है और अपना विकेट भी सुरक्षित रखना है। इस बेहद कम गुंजाइश वाले हालात में हमें इस टेस्ट मैच को जीतना है। यह बहुत ही मुश्किल है, लेकिन उम्मीद है कि हम सब मिलकर इसे जीत लेंगे।

दुखी करने वाला है मौजूदा हालात

पूर्व कप्तान ने कहा कि जिस तरह से लोगों की जान जा रही है, यह बहुत बड़ा नुकसान है और इसकी भरपाई करना वाकई मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इसे देखकर वह बहुत ज्यादा दुखी हैं। बहुत सारे लोग इससे जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम अब तक यही समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिरी इस महामारी को रोका कैसे जाए। इस वक्त पूरी दुनिया का माहौल जैसा है, उसने उन्हें बहुत ज्यादा परेशान कर रखा है। गांगुली ने कहा कि हमें यह भी नहीं पता कि यह कब, कहां और किधर से आया है। हम सब इसके लिए किसी तरह से भी तैयार नहीं थे।

गांगुली बोले, वह भी डरे हुए हैं

गांगुली ने कहा कि लोगों पर इसका बहुत ज्यादा असर हुआ है। अब तक बहुत सारी जान जा चुकी है। यह स्थिति उन्हें दुखी करती है। वह भी इससे डरे हुए हैं। लोग उनके घर पर रसोई का सामान, खाना देने आते हैं और वह खुद भी इससे काफी डरा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह यह चाहते हैं कि यह सबकुछ जल्दी खत्म हो।

पूरी दुनिया की हालत है बुरी

कोरोना वायरस के कारण अब तक पूरी दुनिया में दो लाख 40 हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके है। वहीं इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 34 लाख से भी ज्यादा हो गई है। वहीं भारत में इससे संक्रमित होने वालों का आंकड़ा करीब 40 हजार पहुंच गया है, वहीं करीब 1200 लोग अपनी जान गंवा चुंके हैं।

Updated on:
3 May 2020, 5:00 PM IST
Published on:
Also Read
View All