
Shoaib Akhtar
नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के कानूनी टीम को लेकर एक बयान दिया था, जिसकी वजह से वह चर्चा में हैं। शोएब अख्तर ने पीसीबी के वकील तफज्जुल रिजवी को नीच और नकारा तक कह डाला था। शोएब के इस बयान से भड़के वकील तफज्जुल रिजवी ने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है और 10 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है। बता दें कि शोएब ने कहा था कि रिजवी खिलाड़ियों के खिलाफ निजी एजेंडा चलाते हैं और वह अब भी अपने बयान पर कायम हैं।
शोएब ने बताया मिला है नोटिस
शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी कि उन्हें पीसीबी के वकील तफज्जुल रिजवी से नोटिस मिला है। उन्होंने बताया कि इस नोटिस का कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा। उनका नोटिस झूठ और काल्पनिक बातों से भरा हुआ है। शोएब ने कहा कि उनकी तरफ से सलमान नियाजी रिजवी की नोटिस का मुंहतोड़ जवाब देंगे। शोएब ने बताया कि नियाजी को उन्होंने अपना वकील नियुक्त किया है। वह रिजवी के गलत कामों को लेकर दिए गए अपने बयान पर टिके हुए हैं।
शोएब अख्तर ने लगाया था गंभीर आरोप
शोएब अख्तर ने उमर अकमल पर लगाए गए तीन साल के प्रतिबंध के बाद बोर्ड और उसकी कानूनी टीम पर निशाना साधा था। उन्होंने यूट्यूब पर अपने वीडियो में पीसीबी की कानूनी टीम और उसके वकील तफज्जुल रिजवी पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पीसीबी का कानून विभाग गिरा हुआ और नालायक है, खासतौर पर तफज्जुल रिजवी।। वह पिछले 10-15 सालों से पीसीबी के साथ है और करीब-करीब हर केस हारे हैं।
शोएब बोले, मुझसे भी हारे हैं रिजवी
शोएब अख्तर ने कहा कि तफज्जुल रिजवी तो एक केस उनसे भी हारे हैं। यह वही आदमी हैं, जिन्होंने शाहिद आफरीदी और यूनिस खान को भी अदालत में घसीटा था। शोएब अख्तर ने कहा कि हमेशा देश के स्टार खिलाड़ियों की इज्जत होनी चाहिए। दो टके के वकीलों को कौन जाता हैं। उन्होंने कहा कि रिजवी पीसीबी से पैसे बनाता है, केस को उलझाता है और फिर हार जाता है।
पीसीबी ने खुद फिक्सिंग के दोषियों को बचाया
शोएब अख्तर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खुद मैच फिक्सिंग के दोषियों को बचाया। यही कारण है कि अब खिलाड़ी इस तरह की चीजों को मामूली समझने लगे हैं। शोएब अख्तर ने फिक्सिंग को क्रिमिनल एक्ट बनाने की जोरदार मांग की, ताकि इसमें शामिल होने वाले खिलाड़ियों को जेल की सजा हो सके।
Updated on:
2 May 2020, 7:52 PM IST
Published on:
2 May 2020, 7:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.