
SA vs ZIM: नामीबिया, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही टी20 ट्राई सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की है। जिम्बाब्वे ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 3 विकेट के नुकसान पर महज 13.4 ओवर में ही लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो डेवाल्ड ब्रेविस रहे, जिन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 75 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे को अच्छी शुरुआत मिली। ब्रायन बेनेट और बेन करन ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। करन 12 गेंदों में 4 चौके और एक छक्का लगाने के बाद 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बेनेट 35 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। डायोन मायर्स 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सिकंदर रजा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 10 रन बनाकर ईथन बॉश का शिकार बने।
वेस्ली मधेवेरे 14 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 12 रन ही बना सके, तो ब्रैड इवांस 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तदिवानाशे मारुमानी ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 30 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। मारुमानी की महत्वपूर्ण पारी के बूते जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में डुआन जानसेन ने सर्वाधिक हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रेनेलन सुब्रायन ने 27 रन देकर 2 विकेट निकाले।
जिम्बाब्वे से मिले 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। जॉर्डन हरमन 13 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाकर जल्दी ही आउट हो गए। वहीं, लुआन ड्रे प्रिटोरियस 22 रन बनाकर ब्रैड इवांस का शिकार बने। टोनी डी जोर्जी 15 रन ही बना सके। हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस ने एक छोर से अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 24 गेंदों में छक्के के साथ पहले अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी ब्रेविस के सामाने जिम्बाब्वे की गेंदबाजी काफी कमजोर नजर आई। ब्रेविस ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, रुबिन हरमन 11 रन बनाकर नाबाद रहे।