क्रिकेट

Aus vs SA: थम नहीं रहा आस्ट्रेलियाई टीम की बेबसी का आलम, अब द. अफ्रीका ने दी करारी शिकस्त

दिग्गज खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में आस्ट्रेलियाई टीम की हार का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद अब कंगारू टीम को अपने घर में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मात मिली।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2018, 4:11 PM IST
sa vs aus
Aus vs SA: थम नहीं रहा आस्ट्रेलियाई टीम की बेबसी का आलम, अब द. अफ्रीका ने दी करारी शिकस्त

नई दिल्ली। स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की बेबसी का आलम थम नहीं रहा है। पाकिस्तान के हाथों सीरीज गंवाने के बाद कंगारू टीम से अपने घर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन अफ्रीकी तेज गेंदबाजों की आग उगलती गेंदों के सामने कंगारू बल्लेबाज बुरी तरह से लड़खड़ा गए। लिहाजा आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया वनडे सीरीज का पहला मैच अफ्रीकी टीम ने छह विकेट के अंतर से अपने नाम कर लिया।

सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त-
पर्थ में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया टीम ने 38.1 ओवरों में ही अपने सभी विकेट गंवा दिए और 152 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसे दक्षिण अफ्रीका ने मात्र चार विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

अफ्रीकी तेज गेंदबाजी से सामने बिखड़ी कंगारू बल्लेबाजी-
आस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी अपने अनुभवी खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर के बगैर फीकी नजर आई। आस्ट्रेलिया के लिए नील काउल्टर ने सबसे अधिक 34 रन बनाए। इसके अलावा, एलेक्स कैरी ने 33 रन बनाए। आस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच पांच रन बनाकर ही आउट हो गए। काउल्टर और एलेक्स के अलावा कोई भी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर पाया। एंडिले पेलुख्वायो ने आस्ट्रेलिया की पारी को 152 रनों तक समेटने में सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा, इमरान ताहिर, लुंगी नगीदी और डेल स्टेन ने दो-दो विकेट हासिल किए।

अगला मैच 9 नवंबर को-
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डी कॉक (47), रीजा हैंड्रिक्स (44), एडन मार्कराम (36) की संयम भरी बल्लेबाजी के दम पर तीन विकेट गंवाकर 153 रन बनाए और जीत हासिल की। मार्कस स्टोइनिस ने आस्ट्रेलिया के लिए इस पारी में तीनों विकेट हासिल किए। आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मैच नौ नवम्बर को एडिलेड में खेला जाएगा।

Published on: