
जोहानसबर्ग। लंबे समय तक अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चुनौती देने वाले दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज मोर्न मोर्कल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। मोर्ने मोर्केल ने सोमवार को कहा कि वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे। आस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज गुरुवार को डरबन में शुरू होगी।
काफी मुश्किल फैसला है ये मेरे लिए -
मोर्ने मोर्केल ने कहा कि मेरे लिए यह काफी मुश्किल फैसला था, लेकिन मुझे लगता है कि जीवन के नए सफर की शुरुआत के लिए सही समय है। मेरा एक परिवार है और वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम ने हम पर काफी दबाव डाला है। मुझे उन्हें आगे रखना है और यह फैसला हमें आगे बहुत फायदे देगा।
प्रशंसको का शुक्रिया अदा किया-
तेज गेंदबाज ने कहा कि मैंने अपने करियर में दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलते हुए हर मिनट का आनंद लिया है। इसके लिए, मैं अपने टीम के साथी खिलाड़ियों, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका और मेरे परिवार तथा दोस्तों से मिले समर्थन का शुक्रगुजार हूं।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत पाना उद्देश्य -
मोर्केल ने कहा कि मुझे अब भी लगता है कि मुझे काफी क्रिकेट खेलना है और आगे जो भी किस्मत में है उसके लिए मैं उत्साहित हूं। अभी के लिए, मेरी सारी ऊर्जा और ध्यान आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज में अपनी टीम की जीत को सुनिश्चित करने पर है।
529 विकेट चटकाए है मोर्न मोर्कल ने -
दक्षिण अफ्रीका के 33 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक अपने 12 साल के करियर में 83 टेस्ट, 117 वनडे और 44 टी-20 मैच खेले हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल ने टेस्ट में कुल 294 विकेट लिए हैं। इसमें उनके एक मैच में सात बार पांच विकेटों की उपलब्धि भी शामिल है। वहीं वनडे में मोर्केल के नाम पर 188 विकेट दर्ज है। टी20 इंटरनेशनल में मोर्केल ने 47 विकेट चटकाए है। जबकि आईपीएल के 70 मैचों में मोर्कल ने 77 खिलाड़ियों को आउट किया है।