IPL2026: IPL 2026 शुरू होने से पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को लगा बड़ा झटका! 3 करोड़ के जैक एडवर्ड्स चोट के कारण बाहर, तो इंग्लैंड के 'विकेट टेकिंग मशीन' डेविड पेन की हुई एंट्री। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन संभालेंगे कमान। जानिए पहले मैच से पहले SRH की नई रणनीति।
IPL 2026, SRH News: अभी तो IPL 2026 का मैदान भी नहीं सजा कि टीमों के बीच चोटिल खिलाड़ियों और उनके रिप्लेसमेंट का दौर शुरू हो गया है। सबसे बड़ा झटका लगा है सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को, जिसे 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना है। पहले मैच से चंद दिन पहले हैदराबाद की टीम को एक ऐसा बदलाव करना पड़ा है जो उनके लिए काफी मुश्किल था। टीम के स्टार खिलाड़ी जैक एडवर्ड्स चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। आनन-फानन में हैदराबाद ने 3 करोड़ के खिलाड़ी की जगह एक अनुभवी विदेशी चेहरे को टीम में शामिल किया है। वहीं, दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भी सीजन शुरू होने से पहले अपनी टीम में एक नए खिलाड़ी की एंट्री कराई है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बुरी खबर है। उनके ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। एडवर्ड्स को हैदराबाद ने ऑक्शन में 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनकी जगह टीम ने इंग्लैंड के अनुभवी लेफ्ट-आर्म सीमर डेविड पेन (David Payne) को टीम में शामिल किया है। पेन को SRH ने 1.5 करोड़ रुपये में साइन किया है।
35 साल के डेविड पेन अब तक 233 टी20 मैच खेल चुके हैं और 304 विकेट झटके हैं। उनकी खासियत है की वो ग्लॉस्टरशायर के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 2024 के टी20 ब्लास्ट में उन्होंने 17 पारियों में सबसे ज्यादा 33 विकेट लिए थे। पेन बिग बैश लीग (BBL) में पर्थ स्कॉर्चर्स के साथ खिताब जीत चुके हैं और ILT20 में डेजर्ट वाइपर्स के लिए भी खेल चुके हैं।
हैदराबाद की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हो रही हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत में उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस भी उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन को टीम का अंतरिम कप्तान (Interim Captain) बनाया गया है और उपकप्तान अभिषेक शर्मा को बनाया गया है।
दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को भी झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह KKR ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को अपनी टीम में शामिल किया है। सौरभ को KKR ने 30 लाख रुपये में साइन किया है।