क्रिकेट

SRH vs PBKS: हार की हैट्रिक के साथ शीर्ष स्‍थान गंवाने पर फूटा श्रेयस अय्यर का गुस्सा, बताया किसकी वजह से हारे मैच

SRH vs PBKS Match Highlights: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्‍स लगातार तीसरा मुकाबला हारकर शीर्ष स्‍थान गंवा बैठी है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्‍टेडियम में पंजाब किंग्‍स के लिए सनराइजर्स के खिलाफ कोनोली का शतक भी बेकार गया।

2 min read
May 07, 2026
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (Photo - IANS)

SRH vs PBKS Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 49वां मुकाबला बुधवार रात हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्‍टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्‍स के बीच खेला गया। इस मैच में मेंजबान एसआरएच ने 33 रनों से जीत दर्ज करते हुए पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्‍थान हासिल कर लिया। वहीं, पीबीकेएस की ये टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार है। इस हार के बाद वह शीर्ष से दूसरे स्‍थान पर पहुंच गई है। इससे हार से नाराज पंजाब के कप्‍तान श्रेयस अय्यर ने सीधे-सीधे अपने फील्‍डर्स को दोषी ठहराया, जिन्‍होंने मैच की शुरुआत में ही कुछ महत्‍वपूर्ण कैच टपका दिए।

ये भी पढ़ें

SRH के बल्लेबाजों ने बदल दिया IPL ही नहीं, T20 क्रिकेट का इतिहास, 8वीं बार छूआ 200 रन का आंकड़ा

एसआरएच ने लगाई दो स्‍थानों की छलांग

11 में से 7 मैच जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद 2 स्थान की छलांग के साथ 14 हासिल करते हुए पॉइंटस टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है। जबकि हार की हैट्रिक लगाने वाली पंजाब किंग्स लुढ़ककर दूसरे पायदान पर आ गई है। इस टीम ने 10 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं। जबकि उसका एक मैच बारिश से रद्द हुआ वह अभी भी 13 अंकों पर अटकी हुई है।

'हमने शुरुआत में कई कैच छोड़ दिए'

मैच के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि मुझे लगता है कि यह थोड़ा ज्‍यादा ही टारगेट था, क्योंकि हमने शुरुआत में कई कैच छोड़ दिए थे। हम आसानी से उनके स्कोर को 30 से 40 रन तक रोक सकते थे, क्योंकि विकेट धीरे-धीरे धीमा होता जा रहा था और कटर थोड़ी रुककर आ रही थीं। लेकिन, हम फील्डिंग, बॉलिंग में और बैटिंग में भी उतने अच्छे नहीं रहे। मुझे लगता है कि उन्होंने हर तरह से अच्छा क्रिकेट खेला और हमें दिखाया कि मैच कैसे जीता जाता है।

'टूर्नामेंट में हमारी शुरुआत बहुत शानदार थी'

उन्‍होंने आगे कहा कि इस टूर्नामेंट में हमारी शुरुआत बहुत शानदार रही और हर कोई बहुत अच्छी स्थिति में था और सबकी सोच भी बहुत बढ़िया थी। मुझे लगता है कि यह जरूरी है कि हम इसी सोच के साथ आगे बढ़ें। चीजों के बारे में नकारात्मक बातें सुनकर भटक जाना आसान होता है। निश्चित रूप से हमें वापस जाकर उन चीजों पर सोचना होगा, जो हमने पिछले तीन मैचों में ठीक से नहीं कीं और यह पक्का करना होगा कि हम मजबूती से वापसी करें।

कूपर कोनोली की तारीफ की

वहीं, उन्‍होंने कूपर कोनोली को लेकर कहा कि वह जबरदस्त हैं। उनकी सोच बहुत बढ़िया है और जिस तरह का आत्मविश्वास वह मैदान पर दिखाते हैं, उससे सभी खिलाड़ी कुछ सीख सकते हैं। इसके अलावा मुझे लगता है कि उनमें दबाव वाली स्थितियों में बड़े रन बनाने की खास काबिलियत है। उन्होंने पहले भी ऐसा किया है और आज इसका एक सही उदाहरण था। वह निडर थे और बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ उनका रवैया शानदार था। मैंने उनसे आक्रामक खेलने को कहा था। वे पहली ही गेंद से तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे थे।

'यह हमारे लिए सबसे बड़ा झटका था'

उन्‍होंने फिर दोहराते हुए कहा कि उस समय विकेट लेना बहुत जरूरी था। बदकिस्मती से हम कैच नहीं पकड़ पाए। मुझे लगता है कि आज के मैच में यह हमारे लिए सबसे बड़ा झटका था। लेकिन, निश्चित रूप से यह सोचने और मजबूती से वापसी करने का एक मौका है।

Updated on:
07 May 2026 06:46 am
Published on:
07 May 2026 06:44 am
Also Read
View All