
ODI Tri-Series 2026: वनडे ट्राई सीरीज का चौथा मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। इस जीत के साथ श्रीलंका फाइनल में पहुंच गई है। मौजूदा सीरीज में यह पाकिस्तान की पहली हार है। पाकिस्तान पहले ही फाइनल में प्रवेश कर चुकी है। अब पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को खेला जाएगा।
पाकिस्तान से मिले 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अविष्का फर्नांडो और कुसल मेडिंस जल्द पवेलियन लौट गए। अविष्का फर्नांडो 16 रन और कुसल मेंडिस 8 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कामिंदु मेंडिस और पवन रत्नायके ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने 56 गेंदों में 52 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 18.1 ओवर में 2 विकेट पर 114 रनों तक पहुंचाकर टीम को जीत दिला दी। कामिंदु मेंडिस ने इस दौरान 60 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के संग नाबाद 62 रन की पारी खेली। पवन रत्नायके 26 गेंद में 23 रन बनाकर नॉट आउट रहे।
श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने मैच में कमाल की बॉलिंग की। उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजों के पांव क्रीज पर टिकने नहीं दिए। उन्होंने मैच में कुल 5 विकेट चटकाए। उन्होंने 8.3 ओवर में 34 रन दिए। इस दौरान उन्होंने एक मैडन ओवर भी फेंका। दिलशान मदुशंका ने पाकिस्तान के फखर जमान, साद बेग, कप्तान शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अराफात मिन्हास को आउट किया है। दिलशान मदुशंका के अलावा असिथा फर्नांडो, ईशान मलिंगा, दुनिथ वेल्लालागे ने 1-1 विकेट लिया, जबकि सहान अराच्चिगे ने 2 विकेट चटकाए।