क्रिकेट

Asian Games 2026, Men’s Cricket: एशियन गेम्स के लिए श्रीलंका की मेंस क्रिकेट टीम का ऐलान, जानें टीम में किसे मिली जगह?

Sri Lanka Cricket Team: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय पुरुष क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंकाई टीम अपने अभियान का आगाज 29 सितंंबर को करेगी।
2 min read
Sep 22, 2026
Sri Lanka squad for Asian Games 2026
श्रीलंकाई विकेट-कीपर निरोशन डिकवेला। (Photo- IANS)

Sri Lanka Cricket Men’s Squad for Asian Games 2026: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय पुरुष क्रिकेट टीम का ऐलान किया है। जापान में खेले जाने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए श्रीलंकाई टीम की कमान सहन अराचिगे के हाथों में है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो अपनी जगह पक्की करने की कोशिश में हैं। इसमें ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने और तेज गेंदबाज नुवान तुषारा के अलावा बल्लेबाजी विकल्प के रूप में एशेन बंडारा और सोहन डी लिवेरा शामिल हैं। लेग स्पिनर विजयकांत वियासकांथ टीम के गेंदबाज़ी आक्रमण में विशेषज्ञ स्पिनर का विकल्प प्रदान करते हैं।

श्रीलंकाई मेंस क्रिकेट टीम 24 सितंबर को जापान के लिए रवाना होगी। इससे पहले 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाली 10 टीमों की T20I प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके सभी मुकाबले आइची प्रीफेक्चर के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे।

श्रीलंका मेंस क्रिकेट टीम

लासिथ क्रूजपुल्ले, निरोशन डिकवेला (विकेट-कीपर), सिनेथ जयवर्धने, नुवानिदु फर्नांडो, सहन अराचिगे (कप्तान), सोहन डी लिवेरा, एशेन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, थारिंदू रत्नायके, वानुजा सहन, विजयकांत व्यासकांथ, दुशान हेमंथा, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो और गरुका संकेथ।

सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलेगी श्रीलंका

एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलेगी। टीम अपने अभियान का आगाज 29 सितंबर को करेगी। श्रीलंका के अलावा भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश भी सीधे क्वार्टर फाइनल मैच में उतरेगी।

श्रीलंका की नजर पदक पर

क्रिकेट को 2010 में पहली बार शामिल किए जाने के बाद से एशियाई खेलों में अब तक तीन बार खेला गया है और श्रीलंका का रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है। टीम ने 2010 में ग्वांगझू में हुए पहले संस्करण में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद 2014 में इंचियोन में अफगानिस्तान को फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हालांकि, 2023 में हांगझू में हुए खेलों में श्रीलंका बिना किसी पदक के लौटा। उस संस्करण में भारत ने स्वर्ण, अफगानिस्तान ने रजत और बांग्लादेश ने कांस्य पदक जीता था। श्रीलंका की नजरें इस महीने के अंत में प्रतियोगिता शुरू होने पर 2014 की स्वर्णिम सफलता के बाद पहली बार फिर से पोडियम पर लौटने पर होंगी।

Updated on:
22 Sept 2026 08:19 pm
Published on:
22 Sept 2026 05:52 pm