
भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा।
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जापान से 3-1 की हार के साथ भारतीय महिला बैडमिंटन टीम का सफर समाप्त हो गया। वहीं, जापान ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने महिला एकल के पहले मुकाबले में अकाने यामागुची के खिलाफ शानदार शुरुआत की। पहला गेम जीतने के बावजूद पूर्व विश्व नंबर-1 जापानी खिलाड़ी ने वापसी करते हुए सिंधु को 21-23, 21-18, 21-11 से हरा दिया।
वहीं, 2022 की जूनियर विश्व चैंपियन तोमोका मियाज़ाकी ने महिला एकल के दूसरे मुकाबले में उन्नति हुड्डा को महज 48 मिनट में 21-16, 21-18 से मात दी। दूसरे गेम में उन्नति ने 11-4 की बढ़त बनाई थी, लेकिन वह इसे जीत में तब्दील नहीं कर सकीं।
भारत के 0-2 से पिछड़ने के बाद विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने तीसरे मुकाबले में युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो को 21-17, 21-16 से हराकर भारत की उम्मीदें कायम रखीं।
भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें उस समय खत्म हो गईं, जब चौथे मुकाबले में तन्वी शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। तन्वी को नोजोमी ओकुहारा ने 21-12, 21-10 से हराया। इस जीत के साथ जापान ने क्वार्टरफाइनल मुकाबला 3-1 से अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
एशियन गेम्स की टीम स्पर्धा में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम अब तक सिर्फ एक पदक अपने नाम कर सकी है। भारत ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद 2023 में भी भारतीय टीम का सफर क्वार्टर फाइनल में ही थम गया था, जहां उसे थाईलैंड के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
टीम स्पर्धा से बाहर होने के बाद अब भारतीय महिला शटलर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगी। वहीं, भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम की नजरें भी क्वार्टर फाइनल पर हैं, जहां उसका सामना जापान से होगा।
Updated on:
22 Sept 2026 11:25 am
Published on:
22 Sept 2026 11:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
