
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टी20 त्रिकोणीय सीरीज सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभाल रहे कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि मंगलवार को निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका को मिली जीत का श्रेय टीम की बल्लेबाजी को जाता है। रोहित ने कहा कि उनकी टीम अगले मैच में अच्छी वापसी करेगी।
परेरा की आतिशी पारी
इस मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन (90) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 175 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य को श्रीलंका ने कुसल परेरा (66) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर हासिल कर लिया और पांच विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में कुसल परेरा एक अलग अंदाज़ में दिखे। कुसल ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाते हुए शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में 4 चौके लगाए जिस से मैच श्रीलंका की गिरफ्त में आ गया। मैच के बाद एक बयान में रोहित ने कहा, हमने अच्छा स्कोर किया था, लेकिन श्रीलंका ने लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी पारी की शानदार शुरूआत की। टीम की जीत का श्रेय उसके बल्लेबाजों को जाता है।
अगला मैच बांग्लादेश से
रोहित ने कहा, हमारी टीम के गेंदबाजों ने अच्छी कोशिश की। हालांकि, कभी-कभी हालात आपके पक्ष में नहीं होते हैं। हमारी योजना सही प्रकार से लागू नहीं हुई। हम अपनी गलती से जीतेंगे। इस प्रकार की विकेट पर आपकी बल्लेबाजी का मजबूत होना जरूरी है। आशा है कि हम अच्छी वापसी करेंगे। निदास ट्रॉफी का दूसरा मैच आठ मार्च को इसी स्टेडियम में बांग्लादेश और भारत के बीच खेला जाएगा।