क्रिकेट

IND vs SL T20 : कुसल परेरा का तूफानी अर्धशतक, श्रीलंका ने भारत को 5 विकेट से हराया

कुसल परेरा के आतिशी अर्धशतक की मदद से श्रीलंका ने त्रिकोणीय टी-20 सीरीज निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत को 5 विकेट से हरा दिया।
3 min read
• •
Updated: 6 Mar 2018, 10:52 PM IST
kushal parera

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के कोलंबो के बीच आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय टी-20 सीरीज निदास ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (90) की श्रेष्ठ व्यक्तिगत पारी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 175 रनों का लक्ष्य दिया। जिसे श्रीलंका ने कुसल परेरा की शानदार 66 रनों की पारी की मदद से 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। इस शानदार पारी के लिए परेरा को मैन ऑफ़ दा मैच चुना गया।

श्रीलंका की बल्लेबाजी
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपना पहला विकेट कुसल मेंडिस (11) के रूप में गंवाया। वह वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर शिखर धवन के हाथों लपके गए। इसके बाद, दानुश्का गुनाथीलका (19) का साथ देने आए कुसल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की पारी को संभाला और 58 रनों की साझेदारी की। भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशानी के बाद आखिरकार सफलता हाथ लगी। उनादकट की गेदं पर लंबा शॉट मारने की कोशिश में गुनाथीलका ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। गुनाथीलका के साथ कुसल ने चार से भी कम ओवरों में अर्धशतकीय साझेदारी की। गुनाथीलका के आउट होने के बाद कप्तान दिनेश चंडीमल (14) कुसल का साथ देने आए। इस बीच अपने करियर का 31वां टी-20 मैच खेल रहे कुसल ने आठवां अर्धशतक पूरा किया। चंडीमल और कुसल ने 28 रन जोड़कर टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचाया और इसी स्कोर पर युजवेंद्र चहल ने कप्तान चंडीमल को बोल्ड कर भारत को एक और सफलता दी। श्रीलंका को अब जीत के लिए 77 रनों की जरूरत थी और उसके सात विकेट अब भी बाकी थे। पिच के एक छोर पर अपनी धुंआधार बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने में लगे कुसल अब भी टिके हुए थे। कुसल ने उपुल थारंगा (17) के साथ 28 रनों की साझेदारी की और टीम को 127 के स्कोर तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर वाशिंगटन की गेंद पर विकेट के पीछे खड़े दिनेश कार्तिक ने कुसल को स्टम्प आउट किया। कुसल ने 37 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाए। वह भले ही आउट हो गए थे, लेकिन उन्होंने श्रीलंका के लिए जीत आसान कर दी थी। मेजबान टीम को अब जीत के लिए 42 गेंदों में 48 रन बनाने थे।

वाशिंगटन और चहल ने दो-दो विकेट लिए
यहां थारंगा ने दासुन शनाका (नाबाद 15) के साथ टीम की पारी को संभाला। 14 ओवर की चौथी गेंद पर ऋषभ ने थारंगा का कैच छोड़ उन्हें जीवन दान दिया। हालांकि, यह ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रहा और चहल ने 136 के स्कोर पर थारंगा को बोल्ड कर श्रीलंका का पांचवां विकेट भी गिरा दिया। पावरप्ले में कुसल की शानदार बल्लेबाजी से मजबूत शुरूआत करने वाली श्रीलंका अब कमजोर पड़ रही थी। उसे 29 गेंदों में 37 रन चाहिए थे। शनाका के साथ छठे विकेट के लिए थिसारा परेरा (नाबाद 22) मैदान पर उतरे। दोनों किसी तरह लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश में लगे हुए थे। मैच रोमांचक मोड़ पर आ गया था। तीन ओवर बाकी थे और श्रीलंका को अब भी 24 रन बनाने थे। श्रीलंका को जहां हर गेंद पर 2 रन बनाने थे, वहीं भारतीय गेंदबाजों को श्रीलंका को रन बनाने से रोकना और बाकी पांच विकेट हासिल करने थे। यहां थिसारा ने अपने छक्के औ? चौकों से टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया और पांच विकेट से जीत दिलाई। इस पारी में भारत के लिए वाशिंगटन और चहल ने दो-दो विकेट लिए, वहीं उनादकट को एक सफलता मिली। निदास ट्रॉफी का दूसरा मैच आठ मार्च को इसी स्टेडियम में बांग्लादेश और भारत के बीच खेला जाएगा।

Published on: