क्रिकेट

विश्व कप से पहले स्कॉटलैंड दौरे पर श्रीलंका, आज खेलेगी सीरीज का पहला एक दिवसीय मैच

इससे पहले श्रीलंका दो बार स्कॉटलैंड को हरा चुकी है पहली बार 2011 में उसने दी थी 183 रनों से मात 2015 विश्व कप में 148 रनों से हराया था स्कॉटलैंड को
3 min read
Dimukh karunaratne
विश्व कप से पहले स्कॉटलैंड दौरे पर श्रीलंका, आज खेलेगी सीरीज का पहला एकदिवसीय पहला मैच

एडिनबर्ग : विश्व कप से पहले इंग्लैंड के हालात में ढलने के लिए श्रीलंका की टीम स्कॉटलैंड में है। वह स्कॉटलैंड से दो एकदिवसीय मैच खेलेगी। इस सीरीज का पहला मैच 18 मई यानी आज खेला जाएगा। इससे पहले श्रीलंका स्कॉटलैंड से आखिरी बार आस्ट्रेलिया में खेले गए आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप 2015 भिड़ी थी। श्रीलंका स्कॉटलैंड से दो बार आधिकारिक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में भिड़ी है और दोनों बार उसे जीत मिली है।

पहला मैच 2011 में खेला

एकदिवसीय मैच में स्कॉटलैंड की मुलाकात श्रीलंका से पहली बार तीन मार्च 2011 को स्कॉटलैंड के ही एडिनबर्ग में एक त्रिकोणीय टूर्नामेंट में हुई थी। इस मैच में श्रीलंका ने 183 रनों से मात दी थी। स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी की दावत दी। श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 284 रनों का स्कोर खड़ा किया और स्कॉटलैंड को जीत के लिए 285 रनों का लक्ष्य रखा। इस मैच में श्रीलंका की ओर से दोनों ओपनर बल्लेबाज महेला जयवर्धने (64) और करुणारत्ने (60) ने अर्धशतकीय पारी खेली। स्कॉटलैंड की ओर से आरएम हक और पीएम मौमसेन ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा जीडी ड्रमंड, जी गुडी और जेएच डेवी को एक-एक विकेट मिला।
इसके जवाब में स्कॉटलैंड की पारी लसित मलिंगा की खौफनाक गेंदबाजी के सामने 32.4 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। स्कॉटलैंड की तरफ से सिर्फ तीन बल्लेबाज केजे कोएत्जर (10), जेएच डेवी (17) और आरएम हक (34) दहाई अंकों में पहुंच सके। श्रीलंका की ओर से मलिंगा ने 5 विकेट लिए, जबकि धम्मिका प्रसाद को तीन विकेट मिला। इसके अलावा थिसारा परेरा और अजंता मेंडिस को एक-एक विकेट मिला।

दूसरी बार 215 विश्व कप में आमने-सामने

इसके ठीक चार साल बाद 11 मार्च 2015 को आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेले गए विश्व कप मैच में ये दोनों आमने सामने हुए। यह मैच होबार्ट में खेला गया था। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 363 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की ओर से दिलशान (104) और संगकारा (124) ने शतक लगाया तो कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (51) ने अर्धशतकीय पारी खेली। स्कॉटलैंड की ओर से जेएच डेवी ने तीन, जबकि आरडी बैरिंगटन और एसी इवांस ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा आरएमएल टेलर और एमडब्लू मचान ने एक विकेट लिया।
इसके जवाब में स्कॉटलैंड बल्लेबाजी करते हुए 43.1 ओवर में 215 रनों पर सिमट कर 148 रनों से मैच हार गई। स्कॉटलैंड की ओर से पीएल मौमसेन (60) और एफआरजे कोलमैन (70) ने अर्धशतकीय पारी खेली। श्रीलंका की ओर से नुवान कुलशेखर और दुष्मंता चमीरा ने तीन-तीन विकेट लिए। लसित मलिंगा को दो विकेट मिला तो थिसारा परेरा और दिलशान ने एक-एक विकेट लिया।

2017 में दो अनाधिकारिक वनडे भी खेले थे

श्रीलंका ने 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले केंट में स्कॉटलैंड से दो मैचों अनाधिकारिक वनडे सीरीज भी खेली थी। इस सीरीज में बड़ा उलटफेर करते हुए पहले मैच में स्कॉटलैंड श्रीलंका को हरा दिया था, लेकिन दूसरा मैच जीतकर श्रीलंका ने सीरीज बराबर कर ली थी।

श्रीलंका की विश्व कप टीम

बता दें कि श्रीलंको आईसीसी विश्व कप में श्रीलंका अपना पहला मैच चार जून को कार्डिफ में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है। उसने अपने विश्व कप टीम की घोषणा 19 अप्रैल को कर दी थी। इस टीम का कप्तान दिमुख करुणारत्ने को बनाया है। श्रीलंका की टीम इस प्रकार है।

दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), अविष्का फर्नांडो, लाहिरु थिरिमाने, कुशल मेंडिस, कुशल परेरा, एंजेलो मैथ्यूज, धनंनजय डिसिल्वा, तिसारा परेरा, इसुरु उडाना, जेफरी वांडर्से, जीवन मेंडिस, मिलिंडा सिरीवर्धना, लसित मलिंगा, सुरंगा लकमल और नुवान प्रदीप।

Updated on:
18 May 2019 01:48 pm
Published on:
18 May 2019 07:05 am