
Sunil Joshi on Ravi Bishnoi performance: भारत के अंतरिम स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने बताया है कि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अपनी गेंदबाजी को बेहतर बनाने के लिए अपने रन-अप अलाइनमेंट में कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए हैं, जिसके चलते भारतीय टीम ने पहले मैच में सात विकेट से जीत दर्ज करते हुए 1-0 से बढ़त बना ली है।
बता दें कि रवि बिश्नोई को बैक-फुट नो-बॉल में दिक्कत हुई, जिसकी वजह से भारत को इस महीने की शुरुआत में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ मैच हारना पड़ा। जोशी ने शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले दूसरे टी20 से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उसने अपने एक्शन में कुछ भी नहीं बदला है। उसने सिर्फ रन-अप को ठीक किया है। हमने साईराज बहुतुतुले से भी बात की है। इसलिए, हमारी उससे अच्छी बातचीत हुई। आखिरकार, हमने देखा है कि वह रिटर्न क्रीज के पास भी नहीं जा रहा है, जो सच में उसके लिए और हमारे लिए भी बहुत खुशी की बात है।
आयरलैंड और इंग्लैंड से सीरीज हारने के बाद आखिरकार भारत को जीत मिली है। जोशी ने टीम की वापसी की तारीफ करते हुए कहा कि पहली बात यह है कि एक बॉलिंग कोच के तौर पर, अगर आप देखें, तो हमने खिलाड़ियों के साथ सकारात्मक बातचीत की है। आयरलैंड और इंग्लैंड में यह एक व्यस्त सीरीज थी। अब यहां आकर यह समझना जरूरी है कि जीत जरूरी है, जो हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं सभी गेंदबाजों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं।
जोशी ने युवा पेसर अशोक शर्मा के साथ पेसर मयंक यादव की वापसी पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भले ही मयंक 2024 में खेले, लेकिन मेरे लिए और सभी के लिए ये खुशी की बात है कि उसने बहुत मजबूती के साथ वापसी की है और वह बहुत अच्छी रिदम में है। वहीं, अशोक को लेकर उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि वह श्रीलंका में कितना असरदार रहा। उसी प्रदर्शन के दम पर उसे मौका मिला। यह भारतीय फास्ट बॉलिंग पूल के लिए अच्छी बात है कि हमारे पास इतने सारे फास्ट बॉलर्स हैं।