क्रिकेट

‘मैंने कभी सोचा भी नहीं था’, अचानक टीम इंडिया से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने पहली बार तोड़ी चुप्पी

Suryakumar yadav ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम से बाहर किए जाने पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि टीम से बाहर होने पर उनका पहला रिएक्शन क्या था और उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले को किस तरह समझने की कोशिश की।
2 min read
Aug 29, 2026
Suryakumar yadav
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव (Photo - IANS)

Suryakumar Yadav Reaction on Getting Dropped from Team India: टीम इंडिया के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अचानक टीम से बाहर होने पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है और बताया कि उनका पहला रिएक्शन कैसा था। टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था और टाइटल डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई थी। उसके बाद अचानक BCCI ने कप्तानी में बदलाव किया और आयरलैंड दौरे पर श्रेयस अय्यर को कमान सौंप दी। सूर्या से न सिर्फ कप्तानी छीनी गई, बल्कि टीम से भी बाहर कर दिया गया।

कैसा था सूर्या का पहला रिएक्शन

सूर्यकुमार ने बताया कि टीम से बाहर किए जाने पर वह बहुत ज्यादा नाराज नहीं थे। उन्होंने खुद को सेलेक्टर्स की जगह रखकर यह समझने की कोशिश की कि वे उन्हें टीम से क्यों हटाना चाहते थे और भविष्य के लिए एक टीम क्यों बनाना चाहते थे। आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, “जब मेरा नाम लिस्ट में नहीं था, तो मैं मुस्कुराया। क्योंकि जब मैंने एक-दो साल टीम के साथ क्रिकेट खेला और जब भी मैं खेला हूं, तो दबाव वाली स्थितियों में या जब चीजें मेरे हिसाब से नहीं हो रही थीं, तब भी मैं हमेशा मुस्कुराया हूं। मैं शांत रहा हूं।”

सूर्या ने कभी सोचा भी नहीं था कि उनके साथ ऐसा होगा। उन्होंने आगे कहा, “अभी जो स्थिति बनी है, उसके बारे में मैंने भी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। 2026 तक, मुझे लगा था कि मैं अगले दो साल तक इस टीम को आगे ले जाऊंगा। ओलंपिक आएगा। फिर एक और T20 वर्ल्ड कप होगा, आगे एक और चुनौती होगी। लेकिन साथ ही, आप क्या सोचते हैं और दूसरा व्यक्ति क्या सोचता है, ये दो अलग-अलग बातें हैं।”

श्रेयस की कप्तानी का लेखा-जोखा

सूर्या ने कहा कि आगे चलकर, अगर यह टीम किसी और की कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है, तो कोई समस्या नहीं है। आपको बता दें कि सूर्या के बाद श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभाल रहे हैं, जहां उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है। आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम को पहली बार हार का सामना करना पड़ा और फिर इंग्लैंड में भी भारतीय टीम 4-0 से हार गई। जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रेयस की कप्तानी में टीम इंडिया ने जीत का स्वाद चखा। अब उनकी अगली चुनौती वेस्टइंडीज और एशियन गेम्स है।

Updated on:
29 Aug 2026 11:42 am
Published on:
29 Aug 2026 11:42 am