
Suryakumar Yadav reaction on Abhishek Sharma post: अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ 11 रन बनाए और इसके साथ ही उनके नाम टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे कम रन बनाने का अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। एक समय था, जब अभिषेक का बल्ला आग उगलता था, लेकिन हाल ही में जिम्बाब्वे का दौरा उनके लिए एक बुरे सपने के समान साबित हुआ। जहां उनके ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी ने जमकर सुर्खियां बटौरीं तो अभिषेक अपनी लय पाने के लिए तरस गए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर आठ रन था। भले ही भारत ने सीरीज 3-0 से जीत ली हो, लेकिन अभिषेक की खराब फॉर्म एक बड़ी चिंता का विषय रहा।
अभिषेक शर्मा ने सबसे पहले खुद माना कि वे जिम्बाब्वे दौरे पर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने इंस्टाग्राम अपने फोटो के साथ पोस्ट में लिखा कि जब आप वो नहीं दे पाते, जो बहुत से लोग मानते हैं कि आप कर सकते हैं, तो दुख होता है। लेकिन, यह गेम हमेशा उन लोगों को इनाम देता है, जो अच्छा खेलते रहते हैं। खुशी है कि टीम जीत गई। अब मजबूती से वापसी करूंगा।
अभिषेक की पोस्ट पर भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कमेंट सेक्शन में हमदर्दी दिखाई और पंजाब के युवा बैट्समैन को जैसा है वैसा रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि उतार-चढ़ाव खेल का हिस्सा हैं और वह यह न भूलें कि उन्होंने फैंस के चेहरों पर कितनी मुस्कान लाई है। सूर्या ने लिखा कि तुमने लगातार 2 साल तक मुस्कुराने की कई वजहें दी हैं, जब सबसे ज्यादा ज़रूरत थी, तब इंडिया को शान दी। समय की बात है। जैसे हो वैसे रहो।
दरअसल तीन मैचों की पूरी सीरीज में अभिषेक एक ही तरह से आउट होते रहे। उन्होंने जिम्बाब्वे के पेसर ब्लेसिंग मुजारबानी के खिलाफ लगातार तेज अटैक करने की कोशिश की, लेकिन बार-बार कनेक्ट नहीं कर पाए। तीन मैचों में उनके स्कोर 1, 8 और 2 रहे।
दूसरी तरफ, अभिषेक के ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सीरीज़ यादगार रही, क्योंकि उन्हें 151 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से भी नवाजा गया। 15 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आखिरी टी20 मुकाबले में 81 रन की पारी खेली, जिसकी वजह से भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ क्लीन स्वीप करने में सफल रहा।