
Suryansh Shedge on maiden India call-up: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यांश शेडगे ने भारत ए के लिए ट्राई नेशन ए सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया। उसकी वजह अब उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम इंडिया में भी चुन लिया गया है। बीसीसीआई ने मंगलवार को ही घोषणा की कि चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह अनकैप्ड सूर्यांश लेंगे। पहली बार इंडिया में चुने जाने पर सूर्यांश बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि मुझे यकीन नहीं हो रहा है। जब तक मैं आयरलैंड के लिए फ्लाइट में नहीं बैठूंगा, तब तक मैं नहीं समझ पाऊंगा।
23 साल के शेडगे ने टीओआई से बातचीत में कहा कि मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मेरे बचपन का सपना सच हो गया है। यह एक बहुत ही स्पेशल एहसास है। मुझे अपने मां-पापा (प्रशांत और प्रियदर्शिनी) पर गर्व है, क्योंकि उनके संघर्ष और त्याग के चलते ही मैं यहां तक पहुंच सका हूं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अगर वे नहीं होते, तो मैं क्रिकेटर ही नहीं बन पाता। उन्होंने बताया कि मेरी मां बैंक में जॉब करती थीं, लेकिन मेरे लिए उन्होंने अपनी नौकरी ही छोड़ दी, क्योंकि उन्हें मेरे साथ प्रैक्टिस और मैचों में जाना पड़ता था।
सूर्यांश ने इसके लिए अपने कोचों का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि मनीष बंगेरा, जतिन और मोंटी देसाई ने जिस तरह से मेरे इस सफर में मेरी सहायता की है, वह बहुत अविश्वसनीय है। उन्हें सच में मुझ पर भरोसा था। वे मुझे लगातार मुझे मेरी काबिलियत के बारे में बताते रहें, जिससे मैंने खुद पर भरोसा करना सीखा। इस चीज ने मेरी बहुत मदद की।
बता दें कि वह भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के अंडर मुंबई और पंजाब किंग्स दोनों के लिए खेल चुके हैं। इस पर उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में मैंने उनके अंडर चार बार डेब्यू किया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, इंडिया ए और आईपीएल में। वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम के प्रति अपने कमिटमेंट के मामले में अपना 100 प्रतिशत देते हैं और यह सोच पूरी टीम में आ जाती है।