क्रिकेट

अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्डकप 2026 में दर्ज की पहली जीत, खुला सुपर 8 में पहुंचने का रास्ता, जानें समीकरण

Afghanistan Super 8 Scenario: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हार झेलने के बाद अफागिस्तान ने UAE को हराकर पहली जीत दर्ज कर ली है और अपने सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।

2 min read
Feb 16, 2026
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

AFG vs UAE T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 28वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां अफगानिस्तान ने यूएई को हराकर इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुकाबले में यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 160 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने सिर्फ पांच विकेट गंवाकर 3 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

ये भी पढ़ें

राशिद खान ने टी20 क्रिकेट में लिखा नया अध्याय, 700 विकेट लेने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज

अफगानिस्तान की उम्मीदें जिंदा

इस जीत के साथ अफगानिस्तान की सुपर 8 में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा हो गई हैं। अफगानिस्तान की टीम ग्रुप डी में है, जहां साउथ अफ्रीका पहले ही सुपर 8 में जगह बना चुकी है। अब रेस में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं। न्यूजीलैंड को अपना आखिरी मुकाबला कनाडा के साथ खेलना है, जबकि अफगानिस्तान को भी कनाडा के खिलाफ ही अपना अंतिम मुकाबला खेलना है। ऐसे में कनाडा की टीम का प्रदर्शन दोनों टीमों के भविष्य को तय करेगा।

हालांकि इस ग्रुप से अभी तक आधिकारिक तौर पर यूएई और कनाडा बाहर नहीं हुई हैं, लेकिन प्रदर्शन के लिहाज से उनका बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में अगर अफगानिस्तान की टीम कनाडा को हरा देती है और कनाडा की टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो अफगानिस्तान के चार अंक हो जाएंगे और वह सुपर 8 में पहुंच जाएगी। हालांकि इस दौरान अफगानिस्तान को अपना नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा। लेकिन अगर न्यूजीलैंड की टीम कनाडा को हरा देती है, तो अफगानिस्तान आखिरी मुकाबला जीतकर भी सुपर 8 में नहीं पहुंच सकेगा।

मुकाबले की बात करें तो अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आर्यांश शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान मोहम्मद वसीम 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आलीशान शरफू और सोहेब खान के बीच एक बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। शरफू के आउट होने के बाद सोहेब खान ने 48 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि इसके बाद यूएई के विकेट लगातार गिरते रहे और टीम 160 रन तक ही पहुंच सकी।

इब्राहिम ज़दरान ने जड़ा शानदार अर्धशतक

161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज़ पवेलियन लौट गए। इसके बाद गुलबदीन नायब 13 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शेदिकुल्लाह अटल 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इब्राहिम ज़दरान ने शानदार अर्धशतक जड़कर अफगानिस्तान की उम्मीदों को जिंदा रखा। उनके अलावा दरविश रसूली के 33 रन और अजमतुल्लाह उमरज़ई के 40 रनों की बदौलत अफगानिस्तान ने जीत की दहलीज पर कदम रख दिया और बचा हुआ काम उमरज़ई ने मोहम्मद नबी के साथ मिलकर कर दिया।

अफगानिस्तान को टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में दो सुपर ओवर खेले गए थे, जहां अंत में उसे हार झेलनी पड़ी थी।

ये भी पढ़ें

मैच शुरू होने से पहले ही हार गया था पाकिस्तान? पूर्व दिग्गज ने बताई सलमान आगा की सबसे बड़ी गलती

Also Read
View All

अगली खबर