
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
R Ashwin on IND vs PAK T20 World Cup 2026: रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की पूरी दुनिया में आलोचना हो रही है। पाक टीम 4 साल से भारतीय टीम के खिलाफ एक मैच भी नहीं जीत पाई है। पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान की इस करारी हार की वजह टॉस के समय लिए गए गलत फैसले को बताया।
रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने के पाकिस्तान के फैसले ने भारत को उस पिच पर अहम फायदा दिया, जहां पूरे टूर्नामेंट में लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल रहा है। अश्विन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हमने ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला देखा था। ऑस्ट्रेलिया को 170 रन बनाने में मुश्किल हुई थी। आईपीएल मैच में अगर टीमों को अंतिम 10 ओवरों में 100 रन की दरकार होती है, तो वह टीम आसानी से जीत जाती है, लेकिन इस वर्ल्ड कप में ऐसा नहीं हो रहा है। प्रेमदासा स्टेडियम में, आप 10 ओवरों में 100 रन का पीछा नहीं कर सकते।"
उन्होंने कहा, "जिस तरह से पाकिस्तान दबाव से निपटता है, भारत उस मामले में 100 गुना बेहतर है। मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान उतना मजबूत है। सच कहूं तो, सलमान आगा और माइक हेसन के नेतृत्व में पाकिस्तान तकनीकी रूप से बेहतर हो गया है, लेकिन जिस तरह से उन्होंने आगा के पहले ओवर के बाद शाहीन अफरीदी को उतारा, वह एक बहुत बड़ी गलती थी।"
रविवार को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए ईशान किशन ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने 23 रन की नाबाद पारी खेली। भारत सुपर 8 की तैयारी शुरू करने से पहले बुधवार को अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ अपने लीग-स्टेज मैच खत्म करेगा।
Published on:
16 Feb 2026 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 World Cup 2026
