T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जिम्बाब्वे ने अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप B से ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और ओमान की टीम बाहर हो गई हैं।
Australia Disqualified from Super 8 T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 से ऑस्ट्रेलिया की टीम आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है। मंगलवार को पल्लेकल में आयरलैंड-जिम्बाब्वे का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया, जिससे दोनों टीमों को एक एक अंक मिल गया। ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच खेले हैं और सिर्फ 2 अंक हासिल किए हैं। वहीं जिम्बाब्वे ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीते थे और तीसरा रद्द हो गया। इस तरह उसके 5 अंक हो गए।
ग्रुप B में सोमवार को श्रीलंकाई टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपनी सुपर 8 में जगह पक्की कर ली थी और इस ग्रुप से जिम्बाब्वे की टीम अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के साथ आयरलैंड और ओमान की टीम भी सुपर 8 से बाहर हो गई हैं।
सुपर 8 में पहुंचने वाली जिम्बाब्वे सातवीं टीम बन गई है। इससे पहले भारत, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब आखिरी स्थान की जंग पाकिस्तान और यूएसए के बीच जारी है। अगर पाकिस्तान आखिरी मुकाबले में नामीबिया को हरा देता है, तो यूएसए बाहर हो जाएगी और पाकिस्तान अगले दौर में पहुंच जाएगा।
आपको बता दें कि पल्लेकल इंटरनेशनल स्टेडियम में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच वर्ल्ड कप 2026 का 32वां मुकाबला खेला जाना था, लेकिन बारिश की वजह से इस मैच में टॉस भी नहीं हो सका। जैसे ही मैच रेफरी ने मुकाबले को रद्द करने की घोषणा की, जिम्बाब्वे वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में पहुंचने वाली सातवीं टीम बन गई। इसका मतलब यह हुआ कि ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ आयरलैंड की भी उम्मीदें खत्म हो गईं।
इस टूर्नामेंट में अपने मुख्य तेज गेंदबाजों के बिना खेलने आई ऑस्ट्रेलिया को पहले ही मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ शानदार जीत मिली। हालांकि उसे अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने हरा दिया और फिर मेजबान श्रीलंका ने मात दी, जिससे उनके अगले दौर में पहुंचने की संभावनाओं को झटका लगा। हालांकि जिम्बाब्वे से उनकी आखिरी उम्मीद बची थी। अगर जिम्बाब्वे की टीम अपने आखिरी दोनों मुकाबले हार जाती तो ऑस्ट्रेलिया सुपर 8 में पहुंच जाती लेकिन ऐसा हुआ नहीं और जिम्बाब्वे का तीसरा मैच रद्द हुआ और उसके 5 अंक हो गए। अब आखिरी मैच जीतकर भी ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ 4 अंक हो पाएंगे। यही वजह है कि कंगारू टीम टी20 वर्ल्डकप 2026 से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गई है।