क्रिकेट

T20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा खेलेंगे या नहीं? संजू सैमसन ने बताया सूर्या-गौतम की सोच

Abhishek Sharma in T20 World Cup 2026: अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है। अब तक खेली 7 पारियों में उन्होंने 12.71 की औसत से सिर्फ 89 रन बनाए हैं, जिसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ एक अर्धशतकीय पारी शामिल है।
2 min read
• •
Mar 07, 2026
अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)

T20 World Cup 2026 Final, IND vs NZ: आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के चैंपियन का फैसला होने में अब एक दिन का समय बचा है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। न्यूजीलैंड जहां दूसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है, तो भारतीय टीम का यह चौथा फाइनल है और वह दो बार चैंपियन भी रह चुकी है।

न्यूजीलैंड को हरा नहीं पाई है टीम इंडिया

हालांकि भारतीय टीम ने T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आज तक न्यूजीलैंड को नहीं हराया है। दोनों टीमें पिछले व्हाइट बॉल के आईसीसी इवेंट के फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। यानी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताबी मुकाबला भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी।

हालांकि इस बार खिताबी मुकाबले से पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी टेंशन दुनिया के दो नंबर वन खिलाड़ियों का आउट ऑफ फॉर्म होना है। वरुण चक्रवर्ती दुनिया के नंबर वन गेंदबाज हैं, तो वहीं अभिषेक शर्मा नंबर वन बल्लेबाज हैं और दोनों का फॉर्म इस समय खराब चल रहा है। वरुण ने तो पिछले दो मुकाबलों में ही खराब प्रदर्शन किया है और फाइनल में वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अभिषेक शर्मा ने अब तक भारतीय फैंस को निराश ही किया है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या अभिषेक शर्मा खिताबी मुकाबला खेलेंगे या नहीं।

बिना बदलाव के साथ उतर सकता है भारत

मैच से एक दिन पहले संजू सैमसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की सोच को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अभिषेक शर्मा पर सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर को काफी विश्वास है। संजू ने बताया कि सिर्फ कोच और कप्तान नहीं सभी खिलाड़ी उनके साथ हैं और जैसे ही उन्होंने मैच में कुछ छक्के लगाए, सब कुछ बदल जाएगा। इससे साफ होता है कि अभिषेक शर्मा फाइनल मुकाबला खेल सकते हैं और हो सकता है कि टीम इंडिया बिना किसी बदलाव के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैदान पर उतरे।

T20 वर्ल्डकप के लिए टीम इंडिया

सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह।

Updated on:
07 Mar 2026 04:52 pm
Published on:
07 Mar 2026 04:52 pm