
MS Dhoni on Team India: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। इससे पहले टीम इंडिया को पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब दिलाने वाले पूर्व कप्तान एमएस धोनी एक इवेंट में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया की तैयारियों को लेकर खुलकर बात की और साथ ही सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी को सतर्क रहने की सलाह भी दी।
जब एमएस धोनी से पूछा गया कि वह इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को जीत का कितना बड़ा दावेदार मानते हैं, तो उन्होंने कहा कि टीम इंडिया इस समय बेहद खतरनाक दिख रही है। धोनी के मुताबिक, वर्ल्ड कप जीतने के लिए जिस तरह की टीम चाहिए, जैसे अनुभव, आक्रामक बल्लेबाजी, मजबूत गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग, वह सब इस भारतीय टीम के पास मौजूद है।
हालांकि धोनी ने यह भी कहा कि जब वह खुद भारत में मुकाबले खेलते थे, तो उन्हें एक चीज की हमेशा चिंता सताती थी, और वह थी ड्यू (ओस)। उन्होंने बताया कि भारत में खेले जाने वाले मैचों में ड्यू बहुत बड़ी भूमिका निभाती है और कई बार यह मैच का रुख बदल देती है।
धोनी ने आगे कहा कि मौजूदा भारतीय टीम के खिलाड़ियों को जो भी रोल दिए गए हैं, वे सभी अपनी-अपनी भूमिका को अच्छी तरह निभा रहे हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो किसी भी बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।
इस दौरान एमएस धोनी ने यह भी खुलासा किया कि उन्हें अपने खेलने के दिनों में किस चीज से सबसे ज्यादा डर लगता था। उन्होंने कहा, “जब मैं खेलता था, तो उन मैचों में मुझे सबसे ज्यादा चिंता होती थी जहां टॉस बहुत अहम होता था। ऐसे हालात में ड्यू सबसे बड़ा फैक्टर बन जाती थी।”