भारत समेत 6 टीमों ने सुपर-8 का टिकट कटा लिया है। लेकिन असली सस्पेंस पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया को लेकर है। क्या ये पूर्व चैंपियन बाहर हो जाएंगे? जानिए ग्रुप स्टेज का पूरा समीकरण और कौन सी टीमें हुईं वर्ल्ड कप से बाहर...
T20 World Cup 2026 Super 8: वर्ल्ड कप 2026 अब उस मोड़ पर है जहां से हर कदम 'करो या मरो' का है। 6 ताकतवर टीमों ने अपने आप को साबित करते हुए सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है। लेकिन असली खलबली उन बड़ी टीमों के बीच है जो कभी खिताब के दावेदार थे और आज बाहर होने की कगार पर खड़े हैं।
भारत (ग्रुप A)
भारत ने रविवार को पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शान से सुपर-8 में जगह बनाई। डिफेंडिंग चैंपियन भारत अभी तक अजेय है। सूर्यकुमार यादव (USA के खिलाफ 84 रन) और ईशान किशन (पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन) की शानदार बल्लेबाजी और हार्दिक पांड्या के ऑलराउंड खेल के दम पर टीम इंडिया पूरी लय में दिख रही है।
श्रीलंका (ग्रुप B)
सह-मेजबान श्रीलंका इस बार कमाल कर रही है। उन्होंने आयरलैंड और ओमान को हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीम को 8 विकेट से धूल चटा दी। पथुम निसांका के धुआंधार शतक (100*) ने श्रीलंका की सुपर-8 में एंट्री पक्की कर दी।
वेस्टइंडीज (ग्रुप C)
कैरेबियाई टीम अपनी पावर हिटिंग के दम पर लगातार तीन मैच जीतकर क्वालीफाई कर चुकी है। उन्होंने स्कॉटलैंड और नेपाल को तो हराया ही, साथ ही इंग्लैंड जैसी टीम को भी 196 रन बनाकर पटखनी दी। शेरफेन रदरफोर्ड और गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड शानदार फॉर्म में हैं।
दक्षिण अफ्रीका (ग्रुप D)
दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ 213 रन बनाकर शुरुआत की और फिर अफगानिस्तान के खिलाफ एक रोमांचक मैच दो सुपर ओवर में जीता। कप्तान एडन मार्करम की कप्तानी में प्रोटियाज टीम अभी तक अजेय है और सुपर-8 के लिए तैयार है।
इंग्लैंड (ग्रुप C)
इंग्लैंड का सफर थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वेस्टइंडीज से हारने के बाद वे खतरे में थे, लेकिन स्कॉटलैंड और इटली के खिलाफ जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। सैम कर्रन और विल जैक्स की बदौलत टीम कोलकाता में हारते-हारते बची।
न्यूजीलैंड (ग्रुप D)
साउथ अफ्रीका से हारने के बाद कीवी टीम मुश्किल में थी, लेकिन अफगानिस्तान और UAE को हराने के बाद उन्होंने कनाडा को 8 विकेट से हराकर सुपर-8 का टिकट कटा लिया। रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने टीम को मुश्किल से निकाला।
पाकिस्तान (ग्रुप A): पाकिस्तान की किस्मत अब उनके ही हाथ में है। नामीबिया के खिलाफ आखिरी मैच जीतते ही वे सुपर-8 में पहुंच जाएंगे। हारने पर उन्हें भारत और नीदरलैंड के मैच पर निर्भर रहना होगा।
अमेरिका (ग्रुप A): अमेरिका के 4 पॉइंट्स हैं और उनके मैच खत्म हो चुके हैं। अब उन्हें बस दुआ करनी है कि पाकिस्तान अपना मैच हार जाए।
ऑस्ट्रेलिया (ग्रुप B): पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया बाहर होने की कगार पर है। उन्हें खुद ओमान को बड़े अंतर से हराना होगा और उम्मीद करनी होगी कि आयरलैंड, जिम्बाब्वे को हरा दे।
जिम्बाब्वे (ग्रुप B): इन्होंने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सबको चौंका दिया है। अगर वे आयरलैंड या श्रीलंका में से किसी एक से भी 1 पॉइंट ले लेते हैं, तो वे सुपर-8 में होंगे।
नीदरलैंड (ग्रुप A): डच टीम को उम्मीद करनी होगी कि नामीबिया पाकिस्तान को बुरी तरह हरा दे और फिर वे खुद भारत को हराकर नेट रन-रेट में आगे निकलें।
अफगानिस्तान 2024 की सेमीफाइनलिस्ट टीम इस बार 'ग्रुप ऑफ डेथ' में फंस गई और बाहर हो गई। दूसरी नेपाल जो इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने के बाद भी सुपर-8 तक नहीं पहुंच पाई। पहली बार खेल रही इटली टीम ने सबका दिल जीता, लेकिन बड़े मैचों में पिछड़ गई। कनाडा, नामीबिया, ओमान, UAE और स्कॉटलैंड ये सभी टीमों का सफर ग्रुप स्टेज के साथ ही खत्म हो गया है।