T20 World Cup 2026 Prize Money: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के विजेता और उपविजेता जमकर धनवर्षा होने वाली है। जबकि सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने वाले पाकिस्तान की झोली में भी करोड़ों रुपये जाएंगे। आइये जानते हैं किस टीम को इस बार कितनी प्राइज मनी मिलने वाली है।
T20 World Cup 2026 Prize Money: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जानें वाले इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम अपनी तीसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की तलाश में होगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम अपना पहला वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। विजेता टीम पर जहां आईसीसी जमकर धनवर्षा करेगा तो हारने वाली टीमें भी मालामाल होंगी। इस बार किसको कितनी प्राइज मनी मिलेगी? आईये जानते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने प्राइज मनी में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की है। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में आईसीसी ने कुल 11.25 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी बांटी थी। इसे इस बार बढ़ाकर कुल 13.5 मिलियन यानी लगभग 123.77 करोड़ रुपये रखा गया है। पिछली बार विजेता टीम इंडिया को 2.45 मिलियन डॉलर रुपये तो उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर प्राइज मनी मिली थी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन को करीब 27.50 करोड़ रुपये की प्राइज मनी देगा, जबकि उपविजेता को 14.67 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलेगी। वहीं, सेमीफाइनल हारने वाली इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को करीब 7.24 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके अलावा 5वें से 12वें स्थान पर रहने वाली पाकिस्तान समेत 8 टीमों को करीब 3.48 करोड़ रुपये बतौर प्राइज मनी मिलेंगे। जबकि, 13वें से 20वें पायदान पर रहने वाली 8 टीमों को करीब 2.29 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलेगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है तो दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को पटकनी देकर खिताबी मुकाबले में अपना स्थान पक्का किया। भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। ऐसे में खिताबी मुकाबले में फैंस को रोमांचक भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
विजेता- करीब 27.50 करोड़ रुपये
उपविजेता- करीब 14.67 करोड़ रुपये
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें- करीब 7.24 करोड़ रुपये
5वें से 12वें स्थान वाली टीमें- करीब 3.48 करोड़ रुपये
13वें से 20वें स्थान वाली टीमें- करीब 2.29 करोड़ रुपये