क्रिकेट

भारत में नहीं यूएई-ओमान में होगा टी20 विश्व कप, 17 अक्टूबर से आगाज, 14 नवंबर को फाइनल

आईपीएल-14 के बाद अब आईसीसी टी20 विश्व कप भी भारत से शिफ्ट हो गया है। अब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ओमान में होगा।  
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2021, 12:30 AM IST
t20_worls_cup.jpg

नई दिल्ली। आईपीएल-14 (IPL-14) के बाद अब आईसीसी टी20 विश्व कप (T20 World Cup) भी भारत से शिफ्ट हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टी20 विश्व कप का आयोजन अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान में होगा। T20 क्रिकेट के इस विश्व कप का आगाज 17 अक्टूबर से होगा, जबकि फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा। गौरतलब है कि आईपीएल-14 का फाइनल 15 अक्टूबर को होना है। इसके अनुसार आईपीएल के दो दिन बाद ही विश्व कप शुरू हो जाएगा।

दो दौर में होगा टूर्नामेंट
विश्व कप दो दौर में खेला जाएगा। पहला दौर यूएई और ओमान में आयोजित होगा। राउंड 1 में 12 मैच होंगे जिसमें 8 टीमों के बीच भिड़ंत होगी। 8 में से 4 टीमें सुपर-12 के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर 12 के लिए बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड, स्कॉटलैंड, नामीबिया, ओमान व पपुआ न्यू गिनी की टीम आपस में भिड़ेगी।

सुपर 12 राउंड में होंगे 30 मैच
रिपोर्ट के मुताबिक सुपर-12 दौर में कुल 30 मैच होंगे। इस दौर का आगाज 24 अक्टूबर से होगा। सुपर 12 राउंड में 6-6 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। सुपर 12 के मुकाबले यूएई में खेले जाएंगे। ये मैच दुबई, अबुधाबी और शारजाह में होंगे। सुपर 12 के बाद 3 प्लेऑफ, 2 सेमीफाइनल और फाइनल होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा,'कोई घोषणा आसन्न नहीं है।'आईसीसी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, जिसे टूर्नमेंट आवंटित किया गया था, इसकी तारीखों और स्थानों के साथ 28 जून के बाद ही सामने आएंगे।

कोरोना के कारण शिफ्ट हुआ टूर्नामेंट
बता दें एक जून को आईसीसी ने बीसीसीआई को टी20 विश्व कप के आयोजन के मुद्दे पर फैसला करने के लिए जून के अंत तक का समय दिया था। लेकिन भारत में कोरोना वायरस का कहर देखते हुए यहां विश्व कप का आयोजन होना मुश्किल है।

Published on: