क्रिकेट

महिला टी-20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा, हरमनप्रीत को मिली कप्तानी

महिला टी-20 विश्‍व कप 21 फरवरी से आठ मार्च तक ऑस्‍ट्रेलिया में खेला जाएगा। बता दें कि इसी देश में पुरुष टी-20 विश्व कप भी खेला जाना है।
2 min read
• •
Updated: 12 Jan 2020, 1:51 PM IST
harmanpreet kaur

मुंबई : बीसीसीआई ने रविवार को महिला टी-20 विश्‍व कप 2020 (ICC Womens T20World Cup 2020) के लिए 14 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में एक नई खिलाड़ी ऋचा घोष को जगह दी गई है। इस टीम की कमान हरमनप्रीत कौर को मिली है तो वहीं युवा बल्‍लेबाज स्‍मृति मंधाना को उपकप्‍तानी सौंपी गई है।

चैलेंजर्स ट्रॉफी में ऋचा ने किया था कमाल

भारतीय महिला टीम में पश्चिम बंगाल की विस्फोटक युवा बल्लेबाज ऋचा घोष को जगह दी गई है। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए एक भी मैच नहीं खेला है। ऋचा को चैलेंजर्स ट्रॉफी में किए गए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने 26 गेंद पर 36 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनीं पूनम यादव भी होंगी टीम का हिस्सा

बीसीसीआई ने आज ही पूनम यादव को साल 2018-19 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया है। इसके लिए उन्हें पॉली उमरीगर अवॉर्ड से नवाजा गया है। इस टीम में इस लेग स्पिनर को भी जगह मिली है। जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी तान्‍या भाटिया संभालेंगी।

21 फरवरी से शुरू होगा विश्व कप

महिला टी-20 विश्‍व कप 21 फरवरी से शुरू होकर आठ मार्च तक चलेगा। यह टूर्नामेंट ऑस्‍ट्रेलिया में खेला जाना है। इस बार विश्‍व कप में कुल 10 देशों की महिला टीमों ने क्वालिफाई किया है। बता दें कि अक्टूबर-नवंबर में पुरुष टी-20 विश्व कप भी ऑस्ट्रेलिया में ही होना है।

टी-20 विश्‍व कप के लिए भारतीय महिला टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्‍तान), स्‍मृति मंधाना (उपकप्‍तान), शेफाली वर्मा, हरलीन देओल, जेमीमाह रोड्रिगेज, दीप्ति शर्मा, वेदा कृष्‍णमूर्ति, ऋचा घोष, तान्‍या भाटिया (विकेटकीपर), पूनम यादव, राजेश्‍वरी गायकवाड़, शिखा पांडे, पूजा वस्त्राकर और अरुणधति रेड्डी।

Updated on:
12 Jan 2020, 1:51 PM IST
Published on: