
VVS Laxman Likely to Replace Ajit Agarkar: सितंबर के महीने में भारतीय क्रिकेट टीम के सिलेक्शन कमेटी में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य चयनकर्ता (Chief Selector) अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बीसीसीआई (BCCI) नए चीफ सिलेक्टर के रूप में वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) के नाम पर विचार कर रहा है। अजीत अगरकर का शुरुआती कार्यकाल इसी साल जून महीने में ही पूरा हो गया था, लेकिन बोर्ड ने अगले 3 महीने के लिए उनका कार्यकाल और बढ़ा दिया। हालांकि, बोर्ड की शुरुआती योजना उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक इस पद पर बनाए रखने की थी, लेकिन हालिया परिस्थितियों और मीडिया में आई अटकलों के बाद नए विकल्पों पर चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी (Center of Excellence) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को इस जिम्मेदारी के लिए मुख्य दावेदार माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार, लक्ष्मण के क्रिकेट कद और अनुभव का प्रभाव टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर भी पड़ेगा। अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024, 2026 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया, जबकि 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर तय किया था। चयन समिति के भविष्य और चीफ सिलेक्टर के पद पर अंतिम फैसला आगामी श्रीलंका दौरे के प्रदर्शन के आधार पर लिया जा सकता है।
रिपोर्ट में ये भी कहा जा रहा है कि बोर्ड में कुछ मेंबर अगरकर को 2027 वनडे क्रिकेट वर्ल्डकप तक चीफ सिलेक्टर के पद पर देखना चाहते हैं तो कुछ मेंबर लक्ष्मण के पक्ष में हैं। इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरों के बाद अगरकर की पलड़ा हल्का हो गया है। आपको बता दें कि रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्डकप 2027 तक खेलने की इच्छा जताई है लेकिन अगरकर ने अब तक ये खुलकर नहीं कहा है कि रोहित शर्मा उनके प्लान में हैं या नहीं। यही वजह है कि अगरकर के साथ साथ गौतम गंभीर की भी आलोचना हुई है और दोनों पर कई सवाल खड़े हुए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले 2 मैचों में बड़ी पारी न खेलने की वजह से रोहित शर्मा की रिटायरमेंट की चर्चा होने लगी। हालांकि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ये साफ कर दिया कि रोहित शर्मा जब तक चाहें टीम इंडिया के लिए खेल सकते हैं लेकिन आखिरी फैसला सिलेक्टर्स को करना है। इसके बावजूद गौतम गंभीर और अजीत अगरकर ने रोहित शर्मा की रिटायरमेंट की अफवाहों पर कोई बयान नहीं दिया। रोहित शर्मा ने आखिरी वनडे में शतक जड़ अपने आलोचकों की बोलती बंद कर दी।