
साजिद खान (फोटो- West Indies Cricket X)
WI vs PAK 2nd Test Day 3 Highlights: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में मेहमान टीम ने खेल के तीसरे दिन के समाप्त होने तक मजबूत स्थिति बना ली है। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 103 रन बना लिए हैं और उनके पास कुल सिर्फ 60 रन की बढ़त है। वेस्टइंडीज के इन 6 में से 4 विकेट साजिद खान ने निकाले हैं। उन्होंने पहली पारी में भी कैरेबियन टीम को परेशान किया था। उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान दूसरे टेस्ट में बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है। अगर पाकिस्तान इस मैच को जीतने में सफल रहता है तो यह विदेशी सरजमीं पर लगातार 8 हार के बाद उसकी पहली जीत होगी।
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए थे, जबकि वेस्टइंडीज की पहली पारी 344 रन पर खत्म हो गई थी। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए कोई भी बल्लेबाज अब तक अर्धशतक नहीं जड़ पाया है। साजिद खान वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हो रहे हैं। उन्होंने 12 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
साजिद खान ने सबसे पहले वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 10वें ओवर में तेजनारायण चंद्रपाल को आउट किया, उसके बाद पारी के 18वें ओवर में आमिर जांगू को पवेलियन भेजा। 36वें ओवर में उन्होंने शाई होप को 15 के स्कोर पर बोल्ड कर दिया, वहीं 38वें ओवर में जेडेन सील्स को एलबीडब्ल्यू कर वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया।
अब जस्टिन ग्रीव्स क्रीज पर हैं और अगले आने वाले बल्लेबाज ब्रैंडन किंग हो सकते हैं। जस्टिन ग्रीव्स वही हैं जिन्होंने पहले मुकाबले में पाकिस्तान से मैच छीन लिया था, हालांकि 2 दिन का खेल बाकी रहते हुए अब वेस्टइंडीज के लिए मैच जीतना या ड्रॉ कराना मुश्किल लग रहा है। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए तेजनारायण चंद्रपाल ने 17,केवम हॉज ने 34, आमिर जांगू ने 13, रोस्टन चेज़ ने 17 और शाई होप ने 15 रन की पारी खेली। इसके अलावा जेडेन सील्स का खाता भी नहीं खुला और जस्टिन ग्रीव्स 1 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद हैं।
पाकिस्तान के लिए अब तक सभी 6 विकेट स्पिनरों ने लिए हैं। अली उस्मान ने दो विकेट हासिल किए हैं, तो साजिद खान को चार सफलताएं मिलीं। साजिद खान ने पहली पारी में भी चार विकेट चटकाए थे।
Updated on:
05 Aug 2026 07:47 am
Published on:
05 Aug 2026 07:47 am
