क्रिकेट

Team India से बांग्लादेश छीन चुका है वूमेंस एशिया कप 2018 का खिताब, सेमीफाइनल में फिर हो सकती है टक्कर

Women's Asia Cup Semifinal Scenario: वूमेंस एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा लेकिन पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना किस टीम से होगा, अब तक तय नहीं हो पाया है।
2 min read
Sep 08, 2026
harmanpreet kaur
हरमनप्रीत कौर (फोटो- BCCI Women)

India's Women's Cricket Team in Asia Cup: वूमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश या UAE से होगा। ग्रुप A में भारतीय टीम टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची है, तो वहीं UAE और बांग्लादेश की टीमें ग्रुप B में एक-एक मैच जीतकर सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। दोनों टीमों के बीच ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला होगा और जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में टीम इंडिया से भिड़ेगी। अगर बांग्लादेश से अंतिम-4 में मुकाबला होता है, तो टीम इंडिया को कड़ी टक्कर मिल सकती है।

2018 में छीन चुकी है खिताब

बांग्लादेश वही टीम है, जिसने 2018 के टूर्नामेंट में भारतीय टीम को हराकर खिताब जीता था। ये एशिया कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था, जब भारतीय टीम को फाइनल में किसी टीम ने मात दी थी। इससे पहले टीम इंडिया श्रीलंका को 4 और पाकिस्तान को 2 बार हराकर 6 बार ट्रॉफी पर कब्जा कर चुकी थी। हालांकि, मलेशिया में आयोजित वूमेंस एशिया कप 2018 में बांग्लादेश ने टीम इंडिया का वर्चस्व खत्म कर नई चैंपियन बन गई।

बल्ले के बाद गेंद से भी लड़ीं हरमन

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम टॉस हार गई और पहले बल्लेबाजी करने उतरी। मिताली राज और स्मृति मंधाना अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहीं, तो दीप्ति शर्मा भी सिर्फ 4 रन बनाकर बोल्ड हो गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम इंडिया को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 112 रन बना पाई। 113 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश ने आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया और चैंपियन बन गई।

इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया और 2 विकेट चटकाए। पूनम यादव ने 4 विकेट हासिल किए, लेकिन एकता बिष्ट, शिखा पांडे, दीप्ति शर्मा, अनुजा पाटिल और झूलन गोस्वामी जैसी गेंदबाज एक विकेट हासिल नहीं कर पाईं। आलम ये रहा कि 113 का लक्ष्य भी बांग्लादेश पर भारी पड़ रहा था, लेकिन गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम इंडिया मुकाबले के साथ पहली बार एशिया कप से भी हाथ धो बैठी।

अब तक वूमेंस एशिया कप के 9 टूर्नामेंट आयोजित हो चुके हैं और सभी में भारतीय टीम फाइनल में पहुंची है। एक बार उसे श्रीलंका के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। पाकिस्तान की टीम 2 बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन दोनों बार भारतीय टीम से शिकस्त झेलनी पड़ी है। यही वजह है कि एशिया कप में पाकिस्तान से ज्यादा भारतीय टीम के सामने बांग्लादेश मुश्किल पैदा करता है।

Updated on:
08 Sept 2026 01:34 pm
Published on:
08 Sept 2026 01:24 pm